![]()
दहेज में बाइक और 10 लाख रुपये नकद की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप सामने आया है। घटना गुरुवार को मधुबनी जिले के मधवापुर थाना क्षेत्र के बासुकी बिहारी गांव की है। मृतका की पहचान गांव निवासी रत्नेश कुमार की पत्नी नेहा कुमारी (25) के रूप में हुई है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों के फरार होने का आरोप मृतका के मायके वालों ने लगाया है। दरभंगा डीएमसीएच में शुक्रवार देर शाम पहुंचे सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र के पचगछिया गांव के रहने वाले मृतका के पिता नवीन कुमार ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले बेटी नेहा की शादी रत्नेश कुमार से हुई थी। रत्नेश सीतामढ़ी जिले के परसौनी प्रखंड स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वालों की ओर से दहेज में बाइक और 10 लाख रुपये नकद की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। नेहा अक्सर फोन पर मायके वालों को अपनी परेशानी बताती थी। पिता बोले- गुरुवार सुबह 9 बजे बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी पिता के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब नौ बजे उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान नेहा ने बताया था कि पिछले तीन दिनों से ससुराल में उसका खाना-पीना तक बंद कर दिया गया है। परिवार के लोग इस बात को लेकर चिंतित थे। इसी बीच कुछ देर बाद पति रत्नेश ने फोन कर नेहा के जहरीला पदार्थ खा लेने की सूचना दी। इसके बाद देवर ने फोन कर बताया कि उसने फांसी लगा ली है। लगातार अलग-अलग सूचना मिलने से मायके वाले परेशान हो गए। नेहा को पहले एक प्राइवेट अस्पताल में एडमिट किया गया था बताया गया कि ससुराल पक्ष के लोग नेहा को दरभंगा में आउटडोर के समीप एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। सूचना मिलने पर मायके वाले भी वहां पहुंचे और उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दूसरे बड़े निजी अस्पताल में ले गए। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पिता ने बेंता थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। नवीन कुमार ने पति रत्नेश कुमार, सास फूल देवी, ससुर जीबछ पासवान, विवाहित ननद रिंकी देवी, देवर अखिलेश कुमार तथा दोनों भांजे सोनू और मोनू पर मिलकर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब मायके वाले ससुराल पहुंचे तो वहां परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। सभी लोग फरार हो चुके थे। मृतका के पिता हाई स्कूल में टीचर, मां आंगनवाड़ी सेविका बताया गया कि मृतका के पिता सीतामढ़ी के एक उच्च विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि मां आंगनबाड़ी सेविका हैं। नेहा दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी कोई संतान नहीं थी। फिलहाल मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Source link
दरभंगा- दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप:परिजन बोले- बाइक, 10 लाख कैश की डिमांड थी; घटना के बाद पति समेत ससुराल पक्ष फरार
