![]()
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। घाटों पर भीड़ को नियंत्रित करने और जाम से बचने के लिए 15 नवंबर की सुबह 10 बजे से 16 नवंबर की सुबह 10 बजे तक सभी बड़े और भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। इसमें बस, ट्रक, हाईवा और जेसीबी समेत अन्य भारी वाहन शामिल हैं। हालांकि, अग्निशमन, एंबुलेंस, शव वाहन, न्यायिक कार्य से जुड़े वाहनों और अन्य आपातकालीन वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। आठ स्थानों से डायवर्ट होंगे भारी वाहन यातायात पुलिस के अनुसार, भारी वाहनों को शहर में प्रवेश से पहले ही अलग-अलग मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। इसके लिए मिशन मोड़ (छोटपुर), हकाम मोड़, बड़हरिया बाइपास, हरदिया मोड़, तरवारा मोड़, कलकत्ता बिरयानी, आंदर ढाला पुल और दरोगा राय कॉलेज मोड़ पर व्यवस्था की गई है। इन रास्तों से आने वाले भारी वाहनों को शहर के बाहर रोककर दूसरे मार्गों से भेजा जाएगा। ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों का भी रूट बदला श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बबुनिया मोड़ से गोपालगंज मोड़ तक ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों का प्रवेश नियंत्रित रहेगा। स्टेशन की ओर से आने वाले ई-रिक्शा को तरवारा मोड़ की तरफ और गोपालगंज मोड़ से शहर की ओर जाने वाले ई-रिक्शा को कचहरी ढाला की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, बड़हरिया बाइपास से अस्पताल मोड़ आने वाले चारपहिया वाहन, टेंपो और ई-रिक्शा को फतेहपुर बाइपास मोड़ से जैन स्वीट्स होते हुए तरवारा की ओर भेजा जाएगा। अर्घ्य के समय कई रास्ते रहेंगे बंद संध्या और प्रातः अर्घ्य के दौरान जेपी चौक से गोपालगंज मोड़ तक पूरी तरह पैदल आवागमन रहेगा। दाहा नदी पुल पर किसी भी वाहन को चलने की अनुमति नहीं होगी। नई किला से कागजी मोहल्ला तक केवल छठव्रतियों के वाहन जा सकेंगे, जबकि कागजी मोहल्ला चौक से रजिस्ट्री कचहरी मोड़ तक पैदल रास्ता रहेगा। सुदर्शन चौक से दरोगा राय कॉलेज तक भी अर्घ्य के दौरान छोटी गाड़ियों का आवागमन नियंत्रित किया जाएगा। दो जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था निजी वाहनों से घाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। जेपी चौक की ओर से आने वाले लोग महादेवा रोड स्थित समाहरणालय परिसर और कचहरी परिसर में वाहन पार्क कर सकेंगे। वहीं, गोपालगंज मोड़ की तरफ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मजरुल हक बस स्टैंड (ललित बस स्टैंड) में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। दोनों जगहों से घाट तक पैदल जाना होगा। महादेवा रोड से शहर की ओर जाने वाले वाहनों को यूरो किड्स स्कूल के पास से डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की प्रशासन ने आम लोगों से अनावश्यक रूप से दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन लेकर शहर में नहीं आने की अपील की है। साथ ही सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन पार्क नहीं करने और दुकानदारों से सड़क की जगह छोड़कर दुकान लगाने का अनुरोध किया गया है। श्रद्धालुओं से यथासंभव पैदल घाट पहुंचने और यातायात पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
Source link
छठ पर शहर में भारी गाड़ियों की नो एंट्री:15 नवंबर सुबह 10 से 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक रोक
