![]()
दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए समस्तीपुर रेल मंडल ने तैयारी शुरू कर दी है। मंडल के 13 प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। यहां यात्रियों को ट्रेन आने और प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले रोका जाएगा, ताकि स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रित रहे। मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश दिए गए। 13 स्टेशनों पर टेंट, पानी और शौचालय की व्यवस्था मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, रक्सौल, सहरसा, ललितग्राम, सकरी, जयनगर, सीतामढ़ी, पूर्णिया कोर्ट, बापूधाम मोतिहारी और बेतिया स्टेशन पर होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। यहां वाटरप्रूफ टेंट, पीने का पानी, अस्थायी शौचालय, रोशनी और पंखों की व्यवस्था होगी। होल्डिंग एरिया से स्टेशन भवन और प्लेटफॉर्म तक जाने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी। फुट ओवरब्रिज के जरिए यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया जाएगा। हर स्टेशन के लिए अलग भीड़ प्रबंधन योजना तैयार की जा रही है। आरपीएफ के अधिकारी और जवान भीड़ नियंत्रित करेंगे। सभी 13 स्टेशनों पर मिलेगी प्राथमिक उपचार की सुविधा यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए सभी 13 स्टेशनों पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था होगी। मेडिकल टीम के साथ स्ट्रेचर और व्हीलचेयर रखे जाएंगे। जरूरत पड़ने पर स्थानीय और जिला अस्पतालों से समन्वय कर एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी। अन्य भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर भी स्वास्थ्य सुविधाएं देने के निर्देश दिए गए हैं। पूछताछ काउंटरों पर अतिरिक्त व्यवस्था के साथ पीने के पानी, शौचालय और साफ-सफाई पर भी नजर रखी जाएगी। छह स्टेशनों पर अतिरिक्त रेक और कोच रहेंगे तैयार यात्रियों की संख्या बढ़ने पर ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने के लिए भी तैयारी की गई है। सहरसा, पूर्णिया कोर्ट, रक्सौल, जयनगर, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में अतिरिक्त रेक तैयार रखे जाएंगे। वहीं सहरसा, जयनगर, रक्सौल, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और समस्तीपुर में द्वितीय श्रेणी और स्लीपर के अतिरिक्त कोच उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। वेटिंग लिस्ट और यात्रियों की भीड़ के आधार पर अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। ट्रेनों के विलंब और पुनर्निर्धारण पर भी लगातार नजर रखी जाएगी। विशेष परिस्थिति को छोड़कर प्लेटफॉर्म नहीं बदला जाएगा। एक ही आइलैंड प्लेटफॉर्म पर दो ट्रेनों को एक साथ खड़ा करने से भी बचने का निर्देश दिया गया है। 24 घंटे निगरानी, ट्रेनों में पटाखों की होगी जांच भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और रिकॉर्डिंग सिस्टम दुरुस्त रखे जाएंगे। मंडल और प्रमुख स्टेशनों पर वार रूम व कंट्रोल रूम के माध्यम से परिचालन, वाणिज्य और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी होगी। इसके लिए अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की जाएगी। बिजली बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए डीजी सेट का बैकअप रखा जाएगा। आरपीएफ और वाणिज्य विभाग की टीमें ट्रेनों में ज्वलनशील पदार्थों और पटाखों की तस्करी रोकने के लिए विशेष जांच अभियान चलाएंगी। यह अभियान छठ पूजा के कम से कम दो दिन बाद तक जारी रहेगा। पांच स्टेशनों के वाशिंग पिट से निकलने वाली ट्रेनों की सफाई पर जोर रक्सौल, दरभंगा, जयनगर, सहरसा और मुजफ्फरपुर के वाशिंग पिट से निकलने वाली ट्रेनों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्लेटफॉर्म पर टूटे टाइल्स, फिसलन वाले स्थान, खुले बिजली के तार और खराब स्विच जैसी कमियों को प्राथमिकता से दूर किया जाएगा। सामाजिक संगठनों को निर्धारित नियमों के तहत भोजन वितरण की अनुमति मिलेगी, लेकिन प्लेटफॉर्म पर भोजन नहीं बांटा जाएगा। जरूरत पड़ने पर होल्डिंग एरिया में पैक्ड भोजन और साबुत फल वितरण को प्राथमिकता दी जाएगी। भीड़ प्रबंधन में अतिरिक्त रेलकर्मियों के साथ स्काउट एवं गाइड और स्वयंसेवकों की मदद भी ली जाएगी। 14 से 25 नवंबर तक पार्सल बुकिंग पर रोक रेलवे ने 14 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक पार्सल की आवक और जावक बुकिंग पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया है। विशेष परिस्थिति में सक्षम अधिकारी की अनुमति से ही पार्सल बुकिंग की जा सकेगी। सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल के लिए संयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंस और नियमित समीक्षा बैठक होगी। अधिकारियों को कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में लिखित निर्देश देने को कहा गया है। रेलवे का लक्ष्य पर्व के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है।
Source link
समस्तीपुर रेल मंडल के 13 स्टेशनों पर बनेंगे होल्डिंग एरिया:6 स्टेशनों पर अतिरिक्त रेक तैयार, 14 से 25 नवंबर तक पार्सल बुकिंग बंद
