Headlines

औरंगाबाद में दीपावली पर 19 जगहों पर दमकल वाहन तैनात:झुलसने वालों के इलाज के लिए सदर अस्पताल में 5 बेड का बर्न वार्ड तैयार




दीपावली पर आगजनी और पटाखों से झुलसने की घटनाओं से निपटने के लिए औरंगाबाद जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सदर अस्पताल में पांच बेड का विशेष बर्न वार्ड तैयार किया गया है। वहीं, आग लगने की घटनाओं पर तत्काल काबू पाने के लिए जिले में 19 अलग-अलग स्थानों पर दमकल वाहनों की तैनाती की गई है। इसके लिए 64 अग्निशमन कर्मियों को जिम्मेदारी दी गई है। त्योहार के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए दोनों विभागों को अलर्ट रखा गया है। सदर अस्पताल में 5 बेड का बर्न वार्ड तैयार पटाखों से झुलसने और आग लगने की घटनाओं को देखते हुए सदर अस्पताल परिसर में नशा मुक्ति केंद्र के समीप पांच बेड का विशेष बर्न वार्ड बनाया गया है। यहां आग में झुलसने वाले मरीजों को तत्काल भर्ती कर इलाज की सुविधा मिलेगी। सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार और अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह की देखरेख में यह व्यवस्था की गई है। अस्पताल उपाधीक्षक ने बताया कि बर्न वार्ड में जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। ओपीडी के साथ इमरजेंसी में भी डॉक्टरों की तैनाती रहेगी। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी तत्काल उपचार शुरू करेंगे। 19 जगहों पर दमकल वाहन तैनात, 64 कर्मियों की ड्यूटी दीपावली पर आगजनी की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए अग्निशमन विभाग ने जिले में 19 स्थानों पर दमकल वाहन तैनात किए हैं। यह व्यवस्था 6 नवंबर से लागू है। निर्धारित स्थानों पर दमकल वाहन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात 12 बजे तक मुस्तैद रहेंगे। जिला अग्निशमन पदाधिकारी श्रेयांक विप्रा ने बताया कि वैज्ञानिक आधार पर दमकल वाहनों की प्री-पोजिशनिंग की गई है। वाहनों को एल-1, एल-2 और एल-3 श्रेणियों में बांटकर संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। विभाग ने आग लगने की सूचना मिलने के बाद 10 से 17 मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुंचने का लक्ष्य रखा है। औरंगाबाद शहर के अलावा रफीगंज, दाउदनगर, ओबरा, गोह, नवीनगर, देव, बारुण, अंबा और मदनपुर सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर दमकल वाहन लगाए गए हैं। इन स्थानों पर पहुंच मार्ग और जल स्रोतों का भी निरीक्षण किया गया है, ताकि आग बुझाने के दौरान परेशानी न हो। 7 लाइसेंसधारी पटाखा दुकानों का निरीक्षण अग्निशमन विभाग ने जिले की सात लाइसेंसधारी पटाखा दुकानों का निरीक्षण कर संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा अस्थायी रूप से पटाखा दुकान लगाने वालों को नियमानुसार अस्थायी लाइसेंस दिया जा रहा है। विभाग की ओर से दुकानदारों और आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने लोगों से खुले स्थानों पर पटाखे जलाने, बच्चों को अकेले आतिशबाजी नहीं करने देने और ज्वलनशील पदार्थों से दूर रहकर पटाखे फोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आग लगने की घटना होने पर तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दें। स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की इन तैयारियों का उद्देश्य दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना में जान-माल के नुकसान को कम करना और प्रभावित लोगों को समय पर राहत एवं इलाज उपलब्ध कराना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *