Headlines

आम्रपाली एक्सप्रेस की जनरल बोगियों में यात्रियों की भीड़:अमृतसर से मुजफ्फरपुर पहुंची ट्रेन में पैर रखने की जगह नहीं




त्योहार का उत्साह हजारों किलोमीटर दूर रह रहे बिहार के प्रवासियों को घर खींच ला रहा है। पंजाब और दूसरे राज्यों में रोजगार करने वाले कामगारों की घर वापसी शुरू होने से लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। गुरुवार को मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची अमृतसर-आम्रपाली एक्सप्रेस (15708) की जनरल बोगियों में भी भारी भीड़ देखने को मिली। स्थिति ऐसी थी कि यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही थी। लोग सामान और परिवार के सदस्यों के साथ किसी तरह सफर कर घर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। सीटें भरीं, खड़े होकर सफर करने को मजबूर हुए यात्री जनरल बोगियों में यात्रियों की भीड़ का आलम यह था कि सीटों पर पहले से ही लोग भरे हुए थे। बड़ी संख्या में यात्री खड़े होकर और एक-दूसरे से सटकर सफर कर रहे थे। कई यात्रियों ने बताया कि भीड़ के कारण पूरी यात्रा काफी मुश्किल भरी रही। घर पहुंचने की खुशी के बीच उन्हें सफर के दौरान काफी परेशानी उठानी पड़ी। शौचालय में पानी नहीं, सफाई की व्यवस्था भी खराब अमृतसर से लौट रहे कटिहार के एक यात्री ने बताया कि ट्रेन के शौचालय में पानी नहीं था। सफाई की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। इसके कारण पूरी यात्रा के दौरान परेशानी हुई। यात्रियों को शौचालय के इस्तेमाल और दूसरी जरूरी सुविधाओं के लिए भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, प्रिंस कुमार ने बताया कि वह त्योहार मनाने के लिए घर लौट रहे हैं, लेकिन ट्रेन में काफी भीड़ है। इस वजह से सफर करना आसान नहीं है। पंजाब की मंडी में मजदूरी करने वाले शकलदेव भी लौट रहे घर पंजाब के पटियाला मंडी में पल्लेदारी करने वाले शकलदेव कुमार मंडल भी त्योहार मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि वह मंडी में मजदूरी करते हैं। त्योहार पर घर आने की खुशी तो है, लेकिन ट्रेन में भीड़ के कारण सफर आसान नहीं रहा। आम्रपाली एक्सप्रेस में कटिहार, सहरसा समेत बिहार के अलग-अलग जिलों के कई यात्री घर लौटते दिखे। त्योहार पर बढ़ा ट्रेनों में यात्रियों का दबाव दरअसल, त्योहार के मौके पर दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए गए बिहार के कामगारों की घर वापसी शुरू हो गई है। इससे लंबी दूरी की ट्रेनों की जनरल बोगियों में यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची आम्रपाली एक्सप्रेस की तस्वीर त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों की भीड़ और बुनियादी सुविधाओं की कमी को सामने लाती है। घर पहुंचने की खुशी के बीच यात्रियों को भीड़, गंदगी और पानी की कमी जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *