Headlines

दरभंगा में बालिका गृह यूनिट-2 का शुभारंभ:समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने बांटी सहायता राशि, 75 दिव्यांगों को मिली ट्राईसाइकिल




बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने शुक्रवार को दरभंगा में विभिन्न विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों के बीच सहायता राशि, चेक और सहायक उपकरणों का वितरण किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने वृद्ध एवं पर्यवेक्षण आश्रय गृहों में नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। इस दौरान 75 दिव्यांगजनों को बैट्री चालित ट्राईसाइकिल और 16 दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर प्रदान की गई। मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर इन उपकरणों को लाभार्थियों के लिए रवाना किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना एवं मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को एफडी एवं चेक के माध्यम से प्रोत्साहन राशि दी गई। मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत पीड़ित महिलाओं को सामाजिक पुनर्वास कोष से सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों के बीच भी चेक वितरित किए गए। अनुग्रह अनुदान राशि का भी वितरण किया गया। प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं को ट्रैक सूट दिए गए। वहीं, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आईसीडीएस पदाधिकारियों, महिला पर्यवेक्षिकाओं, कार्यपालक सहायकों, आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं अन्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी सुविधाओं से वंचित नहीं रहे। महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण, बालिका संरक्षण, दिव्यांगजनों की आत्मनिर्भरता और वृद्धजनों की सम्मानजनक देखभाल सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों से संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने की अपील की। 75 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, 16 को मिली इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर मंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार का संकल्प है। बैट्री चालित ट्राईसाइकिल और इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर से उनके आवागमन में सुविधा होगी तथा दैनिक जीवन में स्वतंत्रता और आत्मविश्वास बढ़ेगा। उन्होंने दिव्यांगजनों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही दिव्यांग बच्चों को नियमित पढ़ाई कर अपने सपनों को साकार करने का संदेश दिया। बालिका गृह यूनिट-2 का शुभारंभ इसके बाद मंत्री ने दरभंगा स्थित वृहद आश्रय गृह के बाल गृह (बालिका) यूनिट-2 का विधिवत शुभारंभ किया। यहां आवासित बालिकाओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचि और भविष्य के लक्ष्यों की जानकारी ली। संवाद के दौरान किसी बालिका ने डॉक्टर, किसी ने आईएएस अधिकारी, किसी ने बिहार पुलिस में जाने तो किसी ने शिक्षक बनने की इच्छा जताई। बालिकाओं की आकांक्षाएं सुनकर मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की और उन्हें पूरे मनोयोग से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत किशोरियों के बीच मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन किट का वितरण किया गया। मंत्री ने कहा कि बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता उपलब्ध कराना जरूरी है। कार्यक्रम के बाद उन्होंने आश्रय गृह परिसर में पौधारोपण भी किया। दरभंगा में छह महीने में 18,538 महिलाओं का PMMVY में पंजीकरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिले में समाज कल्याण विभाग की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम छह महीनों में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 18,538 और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत 8,121 पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया है। जिले को राज्य में दूसरा स्थान मिला उन्होंने बताया कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के तहत जिले में 3,21,644 ABHA आईडी बनाई गई हैं, जिससे दरभंगा राज्य में पहले स्थान पर है। फेस रिकॉग्निशन सिस्टम के माध्यम से 97.94 प्रतिशत सत्यापन किया गया है। पोषण माह 2026 में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले को राज्य में दूसरा स्थान मिला है। जन आंदोलन डैशबोर्ड पर 91.75 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। डीएम ने बताया कि वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2026-27 में 43 पीड़ित महिलाओं को आर्थिक सहायता तथा 202 महिलाओं एवं बालिकाओं को आवासन और अल्पकालीन आश्रय की सुविधा दी गई है। इसके अलावा सेवा के दौरान दिवंगत आठ आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं के आश्रितों को अनुग्रह अनुदान का लाभ दिया गया है। स्थायी मेडिकल बोर्ड और पुअर होम के आधुनिकीकरण की मांग सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने दरभंगा के पुअर होम के आधुनिकीकरण और दिव्यांगजनों के लिए स्थायी मेडिकल बोर्ड के गठन सहित अन्य जरूरी विषयों पर चर्चा करते हुए शीघ्र पहल करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के संकल्प में दिव्यांगजनों का विकास भी प्राथमिकता है। कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस चांदनी सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण आशीष अमन, सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई अनिमेश चंद्रा, अपर समाहर्ता सलीम अख्तर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *