Headlines

जर्जर सड़कों की मरम्मत नहीं हुई तो बंद होगा काम:कुटुंबा विधायक ने एक्सप्रेस-वे निर्माण में लगी पीएनसी कंपनी को चेताया, धूल से लोग परेशान




औरंगाबाद में बुधवार को कुटुंबा विधायक ललन राम ने एरका स्थित पीएनसी कंपनी के कार्यालय पहुंचे। वहां प्रोजेक्ट जीएम पीके पंकज से मुलाकात कर जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने और नियमित पानी छिड़काव की मांग की। विधायक ने चेतावनी दी कि जब तक लोगों को समस्या से राहत नहीं मिलती, तब तक निर्माण कार्य बंद रखा जाए। दरअसल, कोलकाता-वाराणसी ग्रीनफील्ड हाइवे निर्माण के कारण क्षेत्र की सड़कें बदहाल हो चुकी है। धूल से लोग परेशान हो रहे हैं। एनएचएआई का हवाला देने पर विधायक ने जताई नाराजगी पीएनसी कार्यालय में विधायक ने प्रोजेक्ट जीएम पीके पंकज के सामने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर जीएम ने परियोजना को केंद्रीय स्तर का बताते हुए समस्याओं के समाधान के लिए एनएचएआई से बात करने की बात कही। इस जवाब पर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पहले कंपनी के अधिकारी एनएचएआई से बात कर समस्या का समाधान करें, इसके बाद ही आगे बातचीत होगी। विधायक ने मांगों पर संतोषजनक पहल होने तक निर्माण कार्य बंद रखने की बात कही। भारी वाहनों के गुजरने से सड़कें जर्जर विधायक ने आरोप लगाया कि ग्रीनफील्ड हाइवे निर्माण में लगे भारी वाहनों के लगातार परिचालन से क्षेत्र की ग्रामीण और प्रमुख सड़कें बुरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। वहीं, नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने से वाहनों के गुजरते ही धूल उठने लगता है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। धूल प्रदूषण के कारण लोगों को सांस और आंखों से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पीएनसी और एनटीपीसी की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल अंबा में आयोजित पीसी में भी विधायक ने पीएनसी और एनटीपीसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि ओवरलोडेड वाहनों के परिचालन और खुले वाहनों से राख की ढुलाई के कारण क्षेत्र के लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। सड़कों की हालत लगातार खराब होती जा रही है, लेकिन संबंधित कंपनियों की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। विधायक ने कहा कि इन समस्याओं को दिशा की बैठकों और 20 सूत्री की बैठकों में भी उठाया गया है। इसके बावजूद अब तक स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 27 नवंबर के बाद एनटीपीसी के वाहनों का परिचालन भी बंद कराया जाएगा। विधायक ने दी आंदोलन की मांग विधायक ललन राम ने छठ महापर्व को देखते हुए 13 से 16 नवंबर तक दिन के समय भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि छठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों से आवागमन करते हैं। ऐसे में भारी वाहनों के परिचालन और धूल प्रदूषण से लोगों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने कंपनियों को दो टूक कहा कि सबसे पहले क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराई जाए और जब तक सड़कें पूरी तरह दुरुस्त नहीं होतीं, तब तक नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं हुई तो वे जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *