![]()
औरंगाबाद शहर को जाम की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को एसडीओ गौरव सिंह और यातायात डीएसपी अविनाश कुमार कश्यप ने टीम के साथ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सर्विस रोड, अंडरपास और बाइपास का निरीक्षण किया। इस दौरान जाम के प्रमुख कारणों को चिह्नित किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सर्विस रोड के गड्ढे तत्काल भरने, कच्ची नालियों को पक्का करने और सड़क किनारे बनी नालियों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। प्रशासन अब सड़क की आधारभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के साथ यातायात व्यवस्था में भी बदलाव की तैयारी कर रहा है। इसके तहत महाराणा प्रताप चौक अंडरपास पर वन-वे व्यवस्था लागू करने और बड़े वाहनों के रूट में बदलाव करने पर विचार किया जा रहा है। महाराणा प्रताप चौक अंडरपास पर वन-वे की तैयारी निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम जसोइया स्थित महाराणा प्रताप चौक पहुंची। यहां अंडरपास के आसपास वाहनों के दबाव के कारण अक्सर जाम लगता है। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेकर कच्ची नाली को पक्का करने और सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। अंडरपास के पास वन-वे व्यवस्था लागू करने की संभावना पर भी चर्चा हुई। इससे आमने-सामने से आने वाले वाहनों के कारण लगने वाले जाम को कम किया जा सकेगा। टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग और सर्विस रोड पर बने गड्ढों का भी निरीक्षण किया। एनएचएआई के अधिकारियों को इन गड्ढों को तत्काल भरने का निर्देश दिया गया। बड़ी गाड़ियों के रूट में बदलाव की योजना इसके बाद अधिकारियों ने पटना मोड़ और बाइपास ओवरब्रिज के पास यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। यहां बड़े वाहनों के परिचालन से लगने वाले जाम को कम करने के लिए रूट बदलने पर विचार किया गया। योजना है कि झारखंड की ओर से आने वाले बड़े ट्रकों को ओवरब्रिज के नीचे से शहर में प्रवेश कराने के बजाय पटना मोड़ से घुमाकर ओवरब्रिज के ऊपर से भेजा जाए। वहीं, रमेश चौक की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को रतनुआ अंडरपास से घुमाकर निकालने की योजना है। अधिकारियों ने रतनुआ अंडरपास का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा शहर में प्रवेश करने वाली सड़कों के किनारे बनी नालियों को चौड़ा करने और यातायात के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने की संभावनाएं तलाशी गईं। एसडीओ बोले- जाम मुक्त शहर बनाना प्राथमिकता एसडीओ गौरव सिंह ने कहा कि शहर को पूरी तरह जाम मुक्त बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए यातायात व्यवस्था में जरूरी बदलाव के साथ आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने की योजना बनाई जा रही है। सड़कों के गड्ढे भरने, नालियों को पक्का करने और जरूरत के अनुसार सड़क चौड़ीकरण की दिशा में पहल की जा रही है। जिलाधिकारी भी इस समस्या को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने आम लोगों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। एसडीओ ने कहा कि सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करें और निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें। प्रशासनिक प्रयासों के साथ नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। इससे शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
Source link
औरंगाबाद को जाम से निजात दिलाने की काम शुरु:बड़ी गाड़ियों के बदले जाएंगे रूट, सर्विस रोड के गड्ढे भरने-नालियों को पक्का करने का निर्देश
