![]()
मुजफ्फरपुर के हथौड़ी थाना क्षेत्र के भूताने गांव में शुक्रवार को पटना हाईकोर्ट के आदेश पर निजी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए जमीन पर बने झोपड़ीनुमा घर में आग लगा दी, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालात को देखते हुए प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट सह राजस्व अधिकारी जितेंद्र कुमार और हथौड़ी थाना प्रभारी सत्यनारायण शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी है। जानकारी के अनुसार, निजी जमीन की करीब दो वर्ष पूर्व तरुण कुमार गुप्ता ने मापी कराई थी। इसके बाद जमीन पर कुछ स्थानीय लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया था। जमीन से अतिक्रमण हटाने को लेकर तरुण कुमार गुप्ता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। पटना हाईकोर्ट के आदेश के बाद अनुमंडल दंडाधिकारी पूर्वी के कार्यालय से जारी निर्देश के आलोक में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट सह राजस्व अधिकारी जितेंद्र कुमार और हथौड़ी थानाध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। इसी बीच अतिक्रमणकारियों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। विरोध के दौरान जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए झोपड़ीनुमा घर में आग लगा दिए जाने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना की सूचना पर दमकल की गाड़ी को भी मौके पर बुलाया गया। हालांकि, पुलिस की तत्परता और थानाध्यक्ष की सूझबूझ से स्थिति पर नियंत्रण कर लिया गया। घटना में किसी अप्रिय वारदात की सूचना नहीं है। वहीं,अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में बाधा डालने और मौके पर शांति व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
अतिक्रमण हटाने के विरोध में झोपड़ी में आग लगाई:मुजफ्फरपुर में चार लोग हिरासत में, 12 नामजद, 20 अज्ञात पर FIR दर्ज
