![]()
संयुक्त राष्ट्र (UN) की सबसे बड़ी अदालत इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (ICJ) ने गुरुवार को म्यांमार को रोहिंग्या मुसलमानों के नरसंहार का दोषी माना। 2017 में हुई हिंसा में करीब 10 हजार मुसलमानों की हत्या हुई थी। इसके 9 साल बाद आए इस फैसले में अदालत ने म्यांमार को पीड़ितों के नुकसान की भरपाई करने और मुआवजा देने का आदेश दिया है। सेना ने गांव जलाए, महिलाओं से रेप किया अदालत ने 9-6 के बहुमत से यह फैसला सुनाया। इसके साथ ही पहली बार 1948 के नरसंहार रोकने वाले अंतरराष्ट्रीय समझौते के उल्लंघन के लिए किसी देश को जिम्मेदार ठहराया गया है। इससे पहले इस समझौते के तहत केवल व्यक्तियों को जवाबदेह माना गया था। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि म्यांमार की सेना ने रोहिंग्या समुदाय के लोगों की बड़े पैमाने पर हत्याएं की। महिलाओं के साथ यौन हिंसा की गई और उनके गांवों को योजना के तहत तरीके से जला दिया गया। अदालत के अध्यक्ष जज युजी इवासावा ने कहा कि सभी सबूतों को एक साथ देखने पर पता चलता है कि सेना का मकसद रोहिंग्या समुदाय के एक बड़े हिस्से को खत्म करना था। कोर्ट ने यह भी कहा कि म्यांमार की सेना ने बच्चों और नवजात शिशुओं तक को निशाना बनाया। जान बचाकर भाग रहे लोगों पर हमले किए गए और जांच में रुकावटें डाली गईं। म्यांमार नरसंहार के दोषियों को सजा देने में भी नाकाम रहा। म्यांमार ने कहा- आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे सुनवाई के दौरान म्यांमार ने कहा था कि उसकी सेना इलाके में हथियारबंद विद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। दरअसल, 2016 में रोहिंग्या हथियारबंद समूहों ने पुलिस चौकियों और सेना के एक ठिकाने पर हमला किया था। इसके बाद सेना ने पूरे इलाके में अभियान चलाया था। म्यांमार ने इसे ‘क्लियरेंस ऑपरेशन’ यानी इलाका खाली कराने का अभियान बताया था। हालांकि, अदालत ने म्यांमार की इस दलील को नहीं माना। जज ने कहा कि महिलाओं से सामूहिक रेप करना, बच्चों को निशाना बनाना, गांवों को जलाना और जान बचाकर भाग रहे आम लोगों पर हमला करना आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई का हिस्सा नहीं हो सकता। 7.5 लाख रोहिंग्या जान बचाकर बांग्लादेश भागे थे रोहिंग्या समुदाय के खिलाफ भेदभाव और अत्याचार कई दशकों से जारी थे। एक अफ्रीकी देश ने 2019 में म्यांमार के खिलाफ केस किया था म्यांमार के खिलाफ यह मामला अफ्रीकी देश गाम्बिया ने 2019 में इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) की ओर से ICJ में दायर किया था। गाम्बिया ने आरोप लगाया था कि म्यांमार ने रोहिंग्या समुदाय के खिलाफ नरसंहार किया है। इस मामले में मालदीव, जर्मनी और डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो जैसे देशों ने भी गाम्बिया का समर्थन किया था। फैसले के बाद गाम्बिया के अटॉर्नी जनरल डावडा जालो ने इसका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उनका देश तब तक रोहिंग्या समुदाय के साथ खड़ा रहेगा, जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता। फैसले को लागू कराना बड़ी चुनौती अदालत का फैसला आने के बाद भी म्यांमार के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होना मुश्किल है। इसकी वजह यह है कि ICJ के पास अपने फैसले को लागू करवाने की ताकत नहीं है। इसके लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को कदम उठाना पड़ सकता है। अब दूसरे देशों को म्यांमार पर दबाव बनाना होगा, ताकि वह अदालत का फैसला माने। हालांकि, म्यांमार में अभी गृहयुद्ध चल रहा है, ऐसे में दूसरे देशों का दबाव भी कितना असर करेगा, यह कहना मुश्किल है। ह्यूमन राइट्स वॉच की वरिष्ठ सलाहकार मारिया एलेना विग्नोली ने भी दुनिया के देशों से अपील की है कि वे म्यांमार की सैन्य सरकार पर अदालत का फैसला मानने का दबाव बनाएं। —————————-
Source link
UN ने म्यांमार को रोहिंग्याओं के नरसंहार का दोषी माना:10 हजार लोगों की हत्या के 9 साल बाद फैसला आया, पीड़ितों को मुआवजे का आदेश
