![]()
सहरस के महिषी में श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव के उद्घाटन के बाद कार्यक्रम स्थल पर खाली पड़ी कुर्सियां देखकर सिमरी बख्तियारपुर के लोजपा (रामविलास) विधायक संजय कुमार सिंह भड़क गए। उन्होंने जिला प्रशासन पर महोत्सव का समुचित प्रचार-प्रसार नहीं करने का आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि बिहार सरकार आयोजन पर 30 लाख रुपये से अधिक खर्च कर रही है, लेकिन दर्शकों की कम उपस्थिति गंभीर चिंता का विषय है। विधायक ने मंच से ही अधिकारियों को घेरते हुए कहा कि केवल सरकारी औपचारिकताएं पूरी करने, दीप प्रज्ज्वलित करने और कार्यक्रम का कॉलम पूरा करने के लिए महोत्सव आयोजित करना उचित नहीं है। आयोजन की सार्थकता तभी है, जब इसमें आम लोगों की भागीदारी हो। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि विधानसभा क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग महोत्सव में पहुंचें और बड़े कलाकारों की प्रस्तुति का आनंद लें। इतनी बड़ी राशि खर्च कर कलाकारों को बुलाया गया है, लेकिन उन्हें सुनने वाले लोग ही नहीं हैं। खाली कुर्सियां देखकर उन्हें काफी दुख हो रहा है। देखें, मौके से आई तस्वीरें… मां उग्रतारा मंदिर की सजावट नहीं होने पर नाराजगी विधायक ने महोत्सव के दौरान मां उग्रतारा मंदिर की सजावट नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस भगवती उग्रतारा के नाम पर तीन दिवसीय महोत्सव आयोजित हो रहा है, उसी मंदिर को सजाया-संवारा तक नहीं गया। मंदिर दर्शन के दौरान सजावट नहीं देखकर उन्हें काफी निराशा हुई। उन्होंने कहा कि वे सनातनी हैं और सनातन धर्म के साथ खड़े रहेंगे। इतनी बड़ी राशि खर्च कर केवल दिखावा और आडंबर करने का कोई औचित्य नहीं है। अगले साल खुद करेंगे तैयारियों की निगरानी विधायक ने जिला प्रशासन को आगाह किया कि इस बार जो कमियां रह गई हैं, उन्हें अगले वर्ष नहीं दोहराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगले साल महोत्सव की तैयारियों और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी वे खुद लेंगे और इसकी मॉनिटरिंग करेंगे, ताकि आयोजन में आम लोगों की अच्छी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मंच से लोगों से भी महोत्सव में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की। देरी से शुरू हुआ उद्घाटन समारोह गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे श्री उग्रतारा सांस्कृतिक महोत्सव का उद्घाटन निर्धारित समय से काफी विलंब से शुरू हुआ। इस कारण उद्घाटन सत्र में श्रोताओं की उपस्थिति कम रही। बिहार सरकार के आपदा मंत्री रत्नेश सादा, विधायक संजय कुमार सिंह, कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष और एडीएम निशांत कुमार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद एडीएम निशांत कुमार ने अतिथियों को पाग, चादर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। स्वागत भाषण में उन्होंने कहा कि इस बार महोत्सव की गूंज देश के हर कोने तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। आदि शंकराचार्य और महिषी के इतिहास की चर्चा स्मारिका विमोचन से पहले वेद विद्या केंद्र के बच्चों ने स्वस्तिवाचन मंत्र का पाठ किया। समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि महिषी देश का ऐसा विशिष्ट गांव है, जहां दुनिया भर में विजय पताका फहराने वाले आदि शंकराचार्य को भी शास्त्रार्थ में हार का सामना करना पड़ा था। आपदा मंत्री रत्नेश सादा ने कहा कि सती के नेत्र गिरने के कारण महिषी देश के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल है। यह पंडित मंडन मिश्र, संत बाबा कारू खिरहरि, कंदाहा सूर्य मंदिर और संत शिरोमणि बाबा लक्ष्मीनाथ गोसाईं की धरती रही है। उन्होंने पंचायत की मुखिया को मंच पर आमंत्रित नहीं किए जाने को प्रशासन की चूक बताते हुए जनता से क्षमा मांगी। ग्रामीणों और प्रशासन के बीच दूरी घटाने की अपील कला संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा ने ग्रामीणों और प्रशासन के बीच की दूरी कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बार महोत्सव के अनुरूप कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने मौजूद लोगों से मोबाइल के माध्यम से अन्य लोगों को भी कार्यक्रम में आने का निमंत्रण देने को कहा। महोत्सव परिसर में विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। इनके माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ मिथिला की संस्कृति और परंपरा को भी प्रदर्शित किया गया। मौके पर डीडीसी कुमार गौरव, एसडीएम श्रेयांश तिवारी, कला संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा, बीडीओ भरत कुमार सिंह, सीओ सुमन कुमार, राजस्व पदाधिकारी मनीषा कुमारी, प्रखंड प्रमुख रियाज आलम, परियोजना पदाधिकारी मनीष कुमार झा, मुखिया सोनी कुमारी, थानाध्यक्ष प्रभाकर भारती और उग्रतारा न्यास समिति के सचिव केशव कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
Source link
विधायक बोले-'30 लाख खर्च फिर भी दर्शक नहीं':उग्रतारा महोत्सव में खाली कुर्सियां देख भड़के, प्रशासन पर प्रचार-प्रसार में लापरवाही का लगाया आरोप
