Headlines

औरंगाबाद में जमीन विवाद में चाकू से मारकर किया घायल:लोहे के रॉड से भी हमला, मारपीट के बाद चार अंगूठियां और चेन छीनने का आरोप




औरंगाबाद में गुरुवार को पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि धारदार चाकू और लोहे की रॉड से हमला किया गया है। इसके बाद सोने की अंगूठियां और गले से सोने की चेन छीन ली गई। घायल मृत्युंजय कुमार सिंह हैं। जिन्हें मदनपुर पीएचसी से सदर अस्पताल और वहां से जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है। परिजनों के अनुसार, उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामला मदनपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत पिपरौरा टोले, माधवपुर गांव का है। धान काटने और मछली मारने के विवाद में हमला मृत्युंजय कुमार सिंह की ओर से मदनपुर थाने में आवेदन दिया गया है। जिसके अनुसार घटना 17 नवंबर की रात करीब 9 बजे की है। आरोप लगाया गया है कि गांव के रविंद्र कुमार सिंह, उनके बेटे अभिमन्यु कुमार सिंह उर्फ सनी और अभिषेक कुमार ने पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर हमला कर दिया। विवाद का कारण उचौली ग्रिड के पास स्थित उनकी निजी जमीन पर जबरन धान काटा जा रहा था और मछली मारी जा रही थी। मृत्युंजय ने इसका विरोध किया तो तीनों आरोपितों ने हमला कर दिया। आवेदन में कहा गया है कि अभिमन्यु ने गमछे से उनका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। इसी दौरान अभिषेक ने धारदार चाकू से दोनों हाथों और सीने पर कई वार किए, जबकि रविंद्र ने लोहे की रॉड से दोनों पैरों पर हमला किया।
चार अंगूठियां और सोने की चेन छीनने का आरोप पीड़ित के अनुसार हमलावरों ने उनके दोनों हाथों से चार सोने की अंगूठियां, जिनका कुल वजन करीब 35 ग्राम बताया गया है। गले से लगभग 40 ग्राम की सोने की चेन छीन ली। आरोप है कि इस दौरान हमलावर जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। घटनास्थल पर मौजूद उनके साथी रवि रंजन राम ने शोर सुनकर तत्काल पहुंचे और उन्हें संभाला, फिर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने भी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमुहार भेज दिया। पीड़ित ने आवेदन में यह भी बताया है कि आरोपितों के साथ पहले भी विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। अपनी सुरक्षा को लेकर जनवरी में डीएम को आवेदन दिया था। 22 अक्टूबर को मदनपुर थाने में सनहा दर्ज कराया था। पुलिस जांच कर रही है मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। दोनों आवेदनों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले में उचित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जमीन विवाद में हुई इस हिंसक घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होगा कि हमले की वास्तविक वजह क्या थी और लूटपाट के लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *