![]()
सहरसा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली जिले के राजापाकर-हाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उमागांव-सहरसा कॉरिडोर के पैकेज-5 की सड़क परियोजना का उद्घाटन करेंगे। भारतमाला परियोजना के पहले चरण के तहत बनी इस सड़क की स्वीकृत लागत 968.42 करोड़ रुपए है। कार्यक्रम में राज्य की कई अन्य योजनाओं का भी शिलान्यास और उद्घाटन होगा। परियोजना के सिविल निर्माण कार्य की निविदा लागत 551.51 करोड़ रुपए तय की गई थी। निर्माण कार्य 15 दिसंबर 2023 को शुरू हुआ था। पैकेज-5 में सुपौल जिले के बकौर से परसरमा और परसरमा से बरियाही तक का हिस्सा शामिल है। वहीं, सहरसा जिले में बनगांव बाइपास और महिषी संपर्क पथ भी इसी पैकेज का हिस्सा हैं। बनगांव बाइपास से जाम में मिलेगी राहत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक अभिषेक मिश्रा ने बताया कि पैकेज के तहत करीब 39 किलोमीटर सड़क बनाई गई है। इसमें बकौर से परसरमा, परसरमा से बनगांव और बनगांव से महिषी तक की सड़क शामिल है। बनगांव बाइपास बनने से बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। सुरक्षा के लिए तैनात किए गए वाहन परियोजना निदेशक ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सड़क पर दो एंबुलेंस, एक क्रेन और दो गश्ती वाहन तैनात किए गए हैं। बिहरा के पास सड़क की लाइटें चालू नहीं होने की जानकारी मिलने पर संबंधित कर्मियों को जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। जिन जगहों पर सर्विस रोड बंद है, वहां प्रशासन की मदद से समस्या दूर करने की पहल की जाएगी। स्थानीय लोगों ने उठाए सड़क की खामियों पर सवाल पंचगछिया निवासी आनंद मिलन परियोजना निदेशक से मिलने पहुंचे। उन्होंने सड़क बनने के बाद भी कई जगहों पर खामियां होने की बात कही। उनके अनुसार, सड़क पर कई स्थानों पर लगी लाइटें बंद हैं और सर्विस रोड पर जाम की समस्या बनी रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ जगहों पर पुल या सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल वैकल्पिक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की। उद्घाटन के साथ समस्याएं दूर करने की मांग स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपए की लागत से बनी यह सड़क क्षेत्र के विकास के लिहाज से बड़ी उपलब्धि है। इससे सहरसा और आसपास के इलाकों में आवागमन को गति मिलेगी। हालांकि, सड़क की लाइटें चालू करने, सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाने, जाम दूर करने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम करने की जरूरत है। लोगों की मांग है कि उद्घाटन के साथ इन समस्याओं का भी समाधान किया जाए, ताकि परियोजना का लाभ आम यात्रियों को मिल सके।
Source link
21 नवंबर को PM करेंगे 968-करोड़ की परियोजना का उद्घाटन:उमागांव-सहरसा कॉरिडोर के पैकेज-5 में 39KM सड़क बनी
