Headlines

बक्सर में 11 जोड़ों की सामूहिक शादी हुई:शिक्षा मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने दिया आशीर्वाद, अरविंद अकेला कल्लू समेत कलाकार पहुंचे




बक्सर के नगर भवन में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 11 जोड़े शादी के बंधन में बंधे। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। भोजपुरी कलाकार अरविंद अकेला कल्लू, अभिनेत्री आस्था सिंह और आर्यन बाबू भी समारोह में शामिल हुए। कलाकारों को देखने उमड़ी भीड़ सुबह से ही नगर भवन में लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। लोग विवाह की रस्में देखने और कलाकारों की एक झलक पाने पहुंचे। कलाकारों के पहुंचते ही प्रशंसक उनके साथ तस्वीरें लेने के लिए उत्सुक दिखे। बिना शुल्क हुई शादी, घरेलू सामान उपहार में मिला सभी 11 जोड़ों का विवाह बिना किसी शुल्क के पारंपरिक रीति-रिवाजों से कराया गया। नवदंपतियों को अलमारी, पलंग, ड्रेसिंग टेबल और अन्य जरूरी घरेलू सामान उपहार में दिए गए। दहेज और बाल विवाह खत्म करने की अपील विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि सामूहिक विवाह सामाजिक मेलजोल, आपसी सहयोग, समानता और आर्थिक मजबूती का उदाहरण है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अपनी बेटियों का विवाह सम्मान के साथ कराने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार और समाज का गौरव हैं। उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर देना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज से दहेज प्रथा, बाल विवाह और नशाखोरी जैसी कुरीतियों को समाप्त करने की अपील की। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विवाह प्रेम, विश्वास और संस्कारों का पवित्र बंधन है। इसे आर्थिक लेन-देन का माध्यम नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने नवदंपतियों से आपसी सम्मान और विश्वास के साथ जीवन बिताने की अपील की। साथ ही महिला सशक्तीकरण के लिए केंद्र और बिहार सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। पुराना भोजपुर हाईवे पर हुआ स्वागत बक्सर प्रवास के दौरान पुराना भोजपुर हाईवे पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार का स्वागत किया। इस दौरान जेसीबी से पुष्पवर्षा की गई और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई आयोजक मिथिलेश पांडेय, संतोष दुबे और अजय मानसिंहका सहित अन्य लोगों ने की। मौके पर भाजपा नेता प्रमोद मिश्रा, विनोद चौबे, आनंद चतुर्वेदी, बिमलेश पांडेय, रणविजय रौशन और राजा पांडेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *