Headlines

समस्तीपुर में घर आए युवक पर हमले की कोशिश:राजा के घर पर तीन राउंड की फायरिंग; छठ पर्व पर गुजरात से आया था बिहार




समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दर्जनों की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने एक घर पर हमला कर दिया। मोटरसाइकिलों से पहुंचे बदमाशों ने बरहेता पंचायत के भगवानपुर काली स्थान वार्ड संख्या-9 स्थित सहनी टोले में राजा कुमार सहनी के घर को निशाना बनाया। इस दौरान अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों में छिपने लगे। इसी बीच राजा कुमार सहनी की मां भगवती देवी ने अदम्य साहस दिखाया और एक अपराधी के हाथ से पिस्तौल छीन ली। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बदमाश घबरा गए। इसके बाद मौके पर भीड़ जुटने लगी तो सभी अपराधी फरार हो गए। घटना मंगलवार दोपहर करीब एक बजे की है। दिनदहाड़े आबादी वाले इलाके में हथियार लेकर पहुंचे बदमाशों की इस हरकत से ग्रामीणों में दहशत है। वहीं, भगवती देवी के साहस की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। सोमवार भी घर के पास पहुंचे थे पांच लोग ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की पृष्ठभूमि सोमवार शाम से ही तैयार हो रही थी। सोमवार देर शाम चारपहिया वाहन से पांच लोग राजा कुमार सहनी के घर के पास पहुंचे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया और सभी अपने-अपने घर लौट गए। ग्रामीणों को अंदाजा नहीं था कि मामूली विवाद अगले ही दिन हिंसक रूप ले लेगा। मंगलवार दोपहर अचानक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर दर्जनों लोग सहनी टोले पहुंचे। सभी सीधे राजा कुमार सहनी के घर की ओर बढ़े और वहां हंगामा करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग कर दी। पिस्तौल छीनते ही बदमाशों में मची अफरातफरी अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के घरों में रहने वाले लोग सहम गए। लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान राजा कुमार सहनी की मां भगवती देवी ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने एक अपराधी के हाथ से पिस्तौल छीन ली। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बदमाशों के बीच अफरातफरी मच गई। बताया जाता है कि हथियार छीनने के दौरान अपराधियों की दो मैगजीन और एक मोबाइल भी मौके पर गिर गया। इस बीच आसपास के लोग जुटने लगे। भीड़ बढ़ती देख सभी बदमाश वहां से फरार हो गए। भगवती देवी के इस साहस ने न सिर्फ अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया, बल्कि संभावित बड़ी वारदात को भी टाल दिया। मौके से पिस्तौल, दो मैगजीन और कारतूस बरामद घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मौके से एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष रणवीर कुमार रावत ने बताया कि गोलीबारी की घटना की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। वहां से एक देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े गोलीबारी से ग्रामीणों में आक्रोश दिनदहाड़े दर्जनों की संख्या में बदमाशों के पहुंचने, घर पर हमला करने और फायरिंग करने की घटना से सहनी टोले में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी वाले इलाके में इस तरह हथियार लेकर पहुंचना और खुलेआम गोलीबारी करना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। लोगों ने पुलिस से घटना में शामिल सभी आरोपितों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने और इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। वहीं, अपराधी के हाथ से पिस्तौल छीनने वाली भगवती देवी के साहस की हर तरफ सराहना हो रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *