Headlines

दरभंगा में छठ घाट पर डूबने से व्रती की मौत:15 फीट अंदर गए, 2 घंटे बाद मिला शव; पत्नी के साथ कर रहे थे पूजा




दरभंगा में रविवार को छठ पूजा के दौरान डूबने से एक व्रती की मौत हो गई। मृतक की पहचान अस्तुआ गांव निवासी रामदास के 35 साल के बेटे माधव दास के रूप में हुई है। वे अपनी पत्नी दुखनी देवी के साथ छठ व्रत कर रहे थे। पूजा के दौरान नहाने के लिए पोखर में आगे बढ़े माधव करीब 15 फीट गहरे पानी में चले गए और डूब गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उनका शव पोखर से बरामद किया गया। हादसे के बाद छठ घाट पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं, जिस घर में छठ की तैयारी और पूजा का माहौल था, वहां कुछ ही देर में मातम पसर गया। मामला सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के अस्तुआ पंचायत स्थित छतरिया पोखर की है। पत्नी के साथ पानी में खड़े होकर कर रहे थे पूजा जानकारी के अनुसार, माधव दास अपनी पत्नी दुखनी देवी के साथ मध्य विद्यालय के समीप स्थित छतरिया पोखर के छठ घाट पर पहुंचे थे। दोनों पति-पत्नी पानी में खड़े होकर छठी मैया की पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसी दौरान माधव नहाने के लिए पोखर की ओर आगे बढ़ने लगे। बताया जाता है कि उन्हें पानी की गहराई का अंदाजा नहीं हुआ और वे करीब 15 फीट गहरे पानी में चले गए। इसके बाद वे बाहर नहीं निकल सके और डूब गए। दो घंटे तक पोखर में होती रही तलाश माधव के डूबने की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पोखर में उनकी तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बावजूद उनका पता नहीं चल सका। करीब दो घंटे तक खोजबीन और मशक्कत के बाद पोखर से उनका शव बरामद किया गया। इसके बाद घाट पर मौजूद लोगों और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी दुखनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया घटना की सूचना मिलने पर सिंहवाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। माधव दास अपने पीछे दो पुत्र साजन कुमार और राजन कुमार को छोड़ गए हैं। छठ जैसे पवित्र पर्व के दौरान परिवार के मुखिया की मौत से परिजन सदमे में हैं। जिस पर्व को परिवार ने श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने की तैयारी की थी, वह पलभर में मातम में बदल गया। घटना के बाद अस्तुआ गांव में शोक की लहर है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *