![]()
दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र से सात नवंबर से लापता तीनों नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने शनिवार को सकुशल बरामद कर लिया। तीनों बच्चियां बस से बिरौल जा रही थीं। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सोनकी थाना की पुलिस ने बस रुकवाकर तीनों को सुरक्षित उतार लिया। इसके बाद उन्हें सोनकी थाना लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। तीनों बच्चियों की बरामदगी की पुष्टि एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने की है। बिरौल एसडीपीओ संजीव शेखर झा ने बताया कि सोनकी और बिरौल थाना की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर बच्चियों को बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि वे माता-पिता की डांट-फटकार से नाराज होकर घर से चली गई थीं। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। विस्तृत पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। 7 नवंबर की शाम सामान खरीदने निकली थीं बिरौल थाना क्षेत्र के सुपौल बाजार हाट गाछी निवासी श्याम सहनी की दो बेटियां 15 वर्षीय रौशनी कुमारी और 10 वर्षीय चांदनी कुमारी तथा उनके भाई शंभु सहनी की 12 वर्षीय बेटी ज्योति कुमारी सात नवंबर की शाम घर से सामान खरीदने निकली थीं। इसके बाद तीनों वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बिरौल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। एसआईटी बनाकर की जा रही थी छापेमारी तीनों बच्चियों के एक साथ लापता होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए दरभंगा पुलिस ने एसआईटी गठित की थी। टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थी। पुलिस ने आम लोगों से बच्चियों के बारे में जानकारी देने की अपील भी की थी। सही सूचना देने वाले के लिए 25 हजार रुपए इनाम की घोषणा की गई थी। मुकेश सहनी ने एसएसपी से की थी बात इधर, छठ मनाने अपने पैतृक गांव पहुंचे वीआईपी सुप्रीमो और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने भी बच्चियों के लापता होने की जानकारी मिलने पर एसएसपी और बिरौल डीएसपी से फोन पर बात की थी। उन्होंने तीनों की जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की थी। दैनिक भास्कर ने भी बच्चियों के लापता होने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। सात दिनों से बच्चियों की तलाश में परेशान परिजनों को उनकी सकुशल बरामदगी से राहत मिली है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चियां किन परिस्थितियों में घर से निकली थीं और इस दौरान कहां रहीं। पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
दरभंगा में 7 दिन बाद मिलीं लापता तीनों नाबालिग बच्चियां:बस से जा रही थीं बिरौल, माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर भागी
