Headlines

गयाजी के सूर्यकुंड घाट पर छठव्रतियों की जुटी भीड़:संध्या अर्घ्य देने के लिए जुटे श्रद्धालु, महिला बोली- छह साल से व्रत कर रही हूं, छठी मइया सब देखेंगी




लोक आस्था के महापर्व छठ की भव्यता गया के प्रमुख घाटों पर दिखने लगी है। शहर के ऐतिहासिक सूर्यकुंड समेत फल्गु नदी के विभिन्न घाटों पर व्रतियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। घरों में पूजा की तैयारियां पूरी करने के बाद व्रती पूजन सामग्री और फल-प्रसाद से भरे दउरे लेकर घाटों की ओर निकल पड़ी हैं। कहीं सिर पर दउरा उठाए परिजन घाट पहुंच रहे हैं, तो कहीं व्रती हाथों में पूजा की थाली लिए सूर्यदेव की आराधना के लिए आगे बढ़ रही हैं। दउरा उठाने वालों में न केवल लड़के व मर्द बल्कि लड़कियां भी आगे हैं। सूर्यकुंड घाट पर सुबह से ही व्रतियों का जुटना शुरू हो गया था सूर्यकुंड पर सुबह से ही श्रद्धा और भक्ति का माहौल बनने लगा था। घाट की सीढ़ियों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। कोई पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दे रहा है, तो कोई हाथ जोड़कर छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहा है। घाट पर छठी मैया के गीत व जयकारे गूंज रहे हैं। पूरा परिसर भक्तिमय हो गया है। सूर्यकुंड के पानी में जलते दीपों और पूजा की तैयारियों के बीच छठ का पारंपरिक नजारा दिखाई देने लगा है। व्रतियों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी घाट पहुंच रहे हैं। कोई सूप और दउरे में फल सजाने में जुटा है, तो कोई पूजा के लिए जगह तैयार कर रहा है। घाट पर पहुंचने के बाद व्रती विधि-विधान से पूजा की तैयारी कर रही हैं। कुछ ही देर में घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की संभावना है। फल्गु नदी के घाटों पर भी बढ़ी चहल-पहल सूर्यकुंड के अलावा फल्गु नदी के विभिन्न छठ घाटों पर भी व्रतियों के स्वागत और पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। घाटों पर परिवार के सदस्य पहले से पहुंचकर पूजा की जगह व्यवस्थित करने में जुटे हैं। घरों में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह है। महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए पूजा की अंतिम तैयारियां कर रही हैं। बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य फल, नारियल, गन्ना और पूजन सामग्री जुटाने में लगे हैं। छठ का यह पर्व परिवार के हर सदस्य को एक साथ जोड़ता है। व्रतियों की कठिन तपस्या और भगवान सूर्य के प्रति अटूट आस्था इस पर्व की पहचान है। घाटों पर उमड़ती भीड़, छठ गीतों की गूंज और सजे हुए पूजन दउरे के बीच गया में लोक आस्था का रंग गहराने लगा है। अब सभी की निगाहें भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के पावन क्षण पर टिकी हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *