Headlines

नालंदा- ट्यूबलाइट लगा रहे नाबालिग की करंट से मौत:मां छठ कर रही थी, सजावट के दौरान तार जोड़ने के दौरान चपेट में आया; अस्पताल में तोड़ा दम




लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों के बीच नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र में एक दुःखद हादसा सामने आया है। घर की छत पर रोशनी के लिए मरकरी लाइट का तार जोड़ने के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रहुई थाना क्षेत्र के पतासंग गांव निवासी हजारी साहू के पुत्र आकाश कुमार के रूप में की गई है। छठ पर्व की तैयारी के दौरान हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, मृतक आकाश कुमार की मां इस वर्ष छठ व्रत कर रही हैं। पर्व को लेकर घर में उत्साह का माहौल था और साफ-सफाई व सजावट का काम चल रहा था। इसी क्रम में आकाश घर की छत पर उजाले के लिए मरकरी लाइट लगाने गया था। लाइट का तार जोड़ने के दौरान वह अचानक नंगे तार या बिजली के करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलसकर छत पर ही गिर पड़ा। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, परिजन ले गए निजी क्लीनिक घटना की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पड़ोसी रौशन कुमार और परिजनों ने बताया कि करंट लगने के बाद आकाश की हालत काफी नाजुक हो गई थी। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हालांकि, मॉडल अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बावजूद परिजनों को संतुष्टि नहीं हुई और इस उम्मीद में कि शायद उसकी सांसें चल रही हों, वे उसे लेकर एक निजी क्लीनिक चले गए। गांव में पसरा मातमी सन्नाटा इस घटना के बाद से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ देर पहले तक छठ के गीत गूंज रहे थे और पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। इस दुखद हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *