![]()
समस्तीपुर के पूसा थाना क्षेत्र में छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने अपनी चार साल की बेटी को पीटा। बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। पिता ने कहा कि ऐसी पूजा का क्या फायदा कि मेरी बेटी ही नहीं रही। पुलिस के मुताबिक, बच्ची को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम ले जाया गया था। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मृत बच्ची की पहचान मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड नंबर 12 निवासी राजू पासवान की बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। आरोपी मां का नाम रीना कुमारी है। बेटी ने पकवान जूठा किया तो नाराज पत्नी ने पीटा बच्ची के पिता राजू पासवान ने बताया कि छठ पूजा के लिए परिवार के लोग घर के पास घाट बनाने गए थे। इस दौरान रीना घर में पूजा के प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी। तभी सुहानी ने पकवान जूठा कर दिया। इससे नाराज होकर रीना ने उसकी पिटाई की। पिता के मुताबिक, पिटाई के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। रीना ही उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंची। वहां डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पूसा थाने की पुलिस को दी। आरोपी महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार सूचना मिलते ही पूसा थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जानकारी लेने के बाद आरोपी मां रीना कुमारी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। वहीं, बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया है। पति बोला- छोटे बच्चों को अकेला पाल लूंगा, पत्नी की जरूरत नहीं पिता राजू पासवान ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं। इनमें सात साल की बेटी शिवानी कुमारी, चार साल की सुहानी कुमारी और डेढ़ साल की बेटा राजा कुमार है। सुहानी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता का कहना है कि इस घटना से वह पूरी तरह टूट चुके हैं। उन्होंने कहा कि अपनी बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार पत्नी को वह कठोर से कठोर सजा दिलाने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी पत्नी की मुझे कोई जरूरत नहीं है, मैं अपने बच्चों को अकेला ही पाल लूंगा। पुलिस बोली- आरोपी महिला गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी इधर, इस मामले में पूसा थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मोहम्मदपुर बिरौली गांव में चार साल की बच्ची की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है। मामले में आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। छठ की खुशियां मातम में बदली छठ जैसे लोक आस्था के महापर्व की तैयारियों के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। चार साल की मासूम की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही बच्ची की मौत के कारणों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Source link
छठ का प्रसाद जूठा करने पर बेटी को पीटा, मौत:समस्तीपुर में आरोपी मां गिरफ्तार; पिता बोले- ऐसी पूजा का क्या फायदा, जब बेटी ही नहीं रही
