![]()
बिहार की राजधानी पटना समेत पूर्वी चंपारण में कच्चे केले को एथेफॉन केमिकल से पकाकर बेचा जा रहा है। छठ महापर्व आते ही डिमांड बढ़ने पर केले को जल्दी पकाने के लिए यहां केमिकल का खुलेआम इस्तेमाल किया जा रहा है। केमिकल से पकने वाले फलों को खाने से पाचन तंत्र गड़बड़ हो जाता है। इससे पेट के अंदर की टीश्यूज डैमेज होती हैं। आंतों में भी परेशानी शुरू हो जाती है। अगर कोई व्यक्ति लंबे समय तक ऐसे फलों को खाता है तो उसे पेप्टाइड अल्सर हो सकता है। आंतें गल सकती हैं। इस केमिकल के इस्तेमाल से बच्चे जल्दी की मैच्योर दिखने लगते हैं। कारोबारी का कैमरे में कैद केला पकाने का तरीका एक ओर जहां पटना की बाजार समिति स्थित बड़ी केला मंडी में थोक कारोबारी कच्चे केले को केमिकल के घोल में डुबोकर पकाने का तरीका बता रहे हैं। तो वहीं, पटना से करीब 100 किलोमीटर दूर पूर्वी चंपारण के पकड़ीदयाल में भी इसी तरह का तरीका सामने आया। यहां ग्राहक बनकर पहुंचे भास्कर रिपोर्टर के सामने कारोबारी ने टब में पानी भरकर उसमें केमिकल मिलाया। केमिकल डालते ही पानी का रंग लाल हो गया। इसके बाद उस घोल को केले के घौद पर डाला गया और उन्हें धूप में रख दिया गया। कारोबारी ने बताया कि करीब 100 से 130 रुपए के केमिकल से 50 से 60 घौद केले तैयार किए जा सकते हैं। उसका दावा था कि 24 घंटे में केला पककर बाजार में बेचने लायक हो जाता है और इससे कुछ नुकसान नहीं है। दोनों ही जगहों पर खुद को फल कारोबारी बताकर भास्कर रिपोर्टर केला मंडी में पहुंचे। यहां होल सेल केला व्यवसायी ने हमें कच्चे केले को केमिकल से पकाने का पूरा तरीका बताया गया…पढ़िए पूरी रिपोट… पटना के बाजार मंडी की देखें तस्वीरें… फल कारोबारी बनकर मंडी पहुंचा रिपोर्टर इस मामले की पड़ताल के लिए हम पटना के बाजार समिति स्थित केला मंडी में पहुंचे। हमने केमिकल बेचने वाले और फल विक्रेताओं से बात की। मंडी में एक होलसेल केला व्यवसायी ने रिपोर्टर के सामने ही केले के ऊपर केमिकल का छिड़काव कर उसे जल्दी पकाने के तरीके बताएं। कच्चे केले के ऊपर एथेफॉन केमिकल को पानी के साथ घोल बनाकर छिड़काव किया। सेहत बनाने के नाम पर अक्सर लोग चमकदार और बिना दाग-धब्बे वाले पीले केले और आम खरीदते हैं और खाते हैं। जबकि, इन फलों के रंग के पीछे बैन केमिकल और मानक से ज्यादा एथेफॉन इस्तेमाल होता है। जानकारों का कहना है कि सुबह तक चमकदार दिखने वाले केले का रंग शाम तक एकदम फीका हो जाए तो समझिए इसे एथेफॉन केमिकल का छिड़काव कर पकाया गया है। मंडी में हमने अलग-अलग होलसेल दुकानों पर केले के भाव पूछे। केला कच्चा होने की बात पर होलसेलर ने तुरंत उसे केमिकल से पका देने की बात कही। इसके बाद उसने अपने एक साथी को पास की दुकान से केमिकल खरीदकर लाने के लिए पैसे दिए। साथी के आते ही होलसेलर दुकानदार ने एथेफॉन केमिकल को तुरंत पानी में मिलाया है और केला के ऊपर स्प्रे किया। उसने हमें बताया कि इससे 8-10 घंटे में केले पक जाते हैं। केमिकल को लेकर होलसेलर ने बताया कि जितने डिब्बे चाहिए हम लाकर दे देंगे। उस डब्बे पर साफ साफ लिखा था कि इसे न सूंघे ना स्पर्श करें। छठ में बढ़ जाती है केले की डिमांड छठ पूजा में केले का मांग बढ़ जाती है। इस साल पटना में हाजीपुर के बाजारों से ज्यादा आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से केला मंगाया गया है। अचानक केले की बढ़ती मांग को लेकर बाजार में कच्चे केले ही उतार दिए गए हैं और केमिकल से उसे पकाया जा रहा है। पटना की मंडी में कारोबारी ने खुद बताया तरीका, ड्रम में घोल बनाकर डुबोते हैं केला भास्कर रिपोर्टर ने खुद को मुखिया का आदमी बताते हुए केला खरीदने के लिए पटना के बाजार समिति स्थित केला मंडी पहुंचा। मंडी में दुकानों के सामने केले से लदी गाड़ियां खड़ी थीं। ट्रकों से मजदूर कच्चे केले उतार रहे थे। कारोबारियों के मुताबिक, बड़ी मात्रा में केला आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से मंगाया गया है। छठ आने के कारण खरीद-बिक्री तेज थी। मंडी में थोक कारोबारियों के पास कच्चे केले की बड़ी खेप मौजूद थी। रिपोर्टर ने थोक कारोबारी मुनक्का सिंह से केला खरीदने की बात की। बातचीत के दौरान पूछा कि जब केला अभी कच्चा है तो छठ तक कैसे पकेगा? इस पर मुनक्का सिंह ने केमिकल से पकाने का तरीका समझाया। उसने बताया, एक ड्रम में पानी भरना है। उसमें केमिकल का घोल तैयार करना है। इसके बाद केले को उस घोल में डुबोकर निकालना है और बोरे में लपेटकर रख देना है। उसके अनुसार, केमिकल के इस्तेमाल के करीब एक दिन बाद केला पक जाता है। रिपोर्टर ने पूछा कि क्या केले को पकाने का कोई दूसरा तरीका भी है? कारोबारी ने बताया, आग जलाकर उसके धुएं के बीच भी केला पकाया जाता है, लेकिन छठ के समय मांग अधिक रहती है और कम समय में बड़ी मात्रा में केला तैयार करना होता है। इसी वजह से केमिकल वाला तरीका अपनाया जाता है। पास में बैठे बाबूलाल ने भी छठ की तारीख का हवाला देते हुए कहा कि यदि 14 नवंबर को केले पर केमिकल का इस्तेमाल किया जाए तो 15 नवंबर तक वह खाने लायक हो सकता है। कारोबारियों की बातचीत से साफ हुआ कि यहां केवल एक-दो घौद नहीं, बल्कि थोक में आने वाले केले को जल्द तैयार करने की योजना रहती है। रिपोर्टर ने मंडी में 20 से अधिक कारोबारियों से बात की। इनमें से अधिकतर ने छठ के समय मांग बढ़ने और समय पर केला पकाने के लिए केमिकल के इस्तेमाल की बात कही। कुछ ने धुएं से पकाने का तरीका भी बताया, लेकिन केमिकल से पकाने को जल्दी और आसान बताया। रिपोर्टर के सामने गुड्डू ने शौचायल में पकाया छठ में बांटने वाला केला मंडी में रिपोर्टर की मुलाकात गुड्डू नाम के एक व्यक्ति से हुई। वह थोक में केला खरीदकर पटना में खुदरा बिक्री करता है। रिपोर्टर ने देखा कि उसने केले खरीदने के बाद एक बाल्टी में पानी डाला और उसमें एथेफॉन केमिकल मिलाकर घोल तैयार किया। इसके बाद वह केले को उसी घोल में डुबोने लगा। उसने केले के पूरे गुच्छे को घोल से भिगोया। गुड्डू ने बातचीत में बताया कि खाद्य विभाग के अधिकारी छापेमारी कर रहे हैं। इस वजह से कारोबारियों को केमिकल के इस्तेमाल का काम छिपाकर करना पड़ता है। मंडी के पीछे मौजूद शौचालयों में इसे पकाया जा रहा है। इसके बाद इसी केले को छठ व्रतियों को बेच दिया जा रहा है। उसने यह भी बताया कि मंडी के अंदर गुमटियों और बाहर की दुकानों पर केला पकाने वाला केमिकल मिल जाता है। रिपोर्टर ने उसके बताए ठिकाने पर केमिकल की बिक्री की पड़ताल की। मंडी के पास शिवम नाम के दुकानदार से केला पकाने वाला केमिकल मांगा गया। दुकानदार ने तुरंत एक डिब्बा निकालकर दे दिया। जब उससे पूछा गया कि इसका इस्तेमाल किस काम में होता है, तो उसने बताया कि इसके कई इस्तेमाल हैं, लेकिन केला मंडी के कारोबारी इसे केला पकाने के लिए खरीदते हैं। पकड़ीदयाल में 130 का डिब्बा, एक ड्रम पानी में घोलकर पकाते हैं 50 घौद मोतिहारी के पकड़ीदयाल में भी भास्कर रिपोर्टर ग्राहक बनकर केले पकाने वाले कारोबारी तक पहुंचा। यहां टब में पानी रखा था। कारोबारी ने उसमें केमिकल मिलाया तो पानी का रंग लाल हो गया। इसके बाद इसी घोल को केले के घौद पर डाला गया। फिर केले को धूप में रख दिया गया। कारोबारी ने बताया कि करीब 100 रुपए में मिलने वाले केमिकल से 50 से 60 घौद केले पकाए जा सकते हैं। बाद में बातचीत में उसने 130 रुपए के एक डिब्बे का भी जिक्र किया। उसके अनुसार, एक ड्रम में पानी भरकर उसमें केमिकल डालना है। फिर केले को घोल में डुबोकर निकाल लेना है। उसने दावा किया कि करीब 24 घंटे बाद केला पककर तैयार हो जाएगा। रिपोर्टर ने उससे पूछा कि यदि छठ में 14 और 15 नवंबर को केले बांटने हैं और 16 नवंबर को व्रती इसका इस्तेमाल करेंगे, तो कितने दिन पहले केमिकल डालना होगा? कारोबारी ने कहा कि एक दिन पहले इस्तेमाल करने पर अगले दिन केला तैयार हो सकता है। उसने यह भी बताया कि केले को डुबोकर निकालने के बाद कुछ समय तक रखने से उसका रंग बदलने लगता है और वह पक जाता है। कारोबारी ने बातचीत में यह भी कहा कि इसी तरह आम समेत दूसरे फलों को पकाने में भी केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है। 10 से 15 लाख खर्च कर बनाए कमरे पकड़ीदयाल इलाके में केले पकाने का एक और तरीका सामने आया। कारोबारियों के मुताबिक, कुछ लोगों ने केले पकाने के लिए अलग से बंद कमरे तैयार किए हैं। ऐसे कमरों को बनाने में करीब 10 से 15 लाख रुपए तक खर्च किए गए हैं। कारोबारी इन्हें कोल्ड स्टोर कहते हैं। एक कारोबारी के अनुसार, कमरे में एक पिकअप गाड़ी में आने लायक केला रखा जाता है। इसके बाद एक डिब्बे में केमिकल का इस्तेमाल कर कमरे को बंद कर दिया जाता है। करीब तीन दिनों तक केला इसी कमरे में रखा जाता है। तीसरे दिन से पके हुए केले निकालने शुरू कर दिए जाते हैं। इस प्रोसेस के लिए मानक और तरीका अलग होता है फूड इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि ‘एथेफॉन केमिकल का इस्तेमाल एग्रीकल्चर फार्मिंग के लिए किया जाता है। इसका छिड़काव पेड़ पर फल लगने के दौरान किया जाता है, ताकि फल टूटकर ना गिरे। इस केमिकल को पानी में मिलाते ही एथिलिन गैस बन जाती है, जो केला को पकाने में कारगर होता है। इसके अधिक इस्तेमाल से कई बीमारियां होती हैं। ‘मानक के अनुसार आम और केले को पकाने के लिए एथिलीन गैस का इस्तेमाल होता है। इसका भी सिर्फ चेंबर में उपयोग करते हैं। गैस का मानक 100 PPM है। इससे ज्यादा इस्तेमाल करने पर ये सेहत के लिए नुकसानदायक होता है।’
Source link
छठ महापर्व: बिहार में केमिकल से पका रहे केले:व्रतियों की टोकरी तक पहुंच रहा 130 के एथेनॉल से पका केला, ₹100 में 50-60 घौद पकाने का दावा
