रामबाग चकबासू में PNG पाइपलाइन से गैस रिसाव के मामले में शुरुआती जांच में गर्मी के कारण ज्वाइंट का हिस्सा पिघलने की आशंका जताई गई है। एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार के अनुसार, घरों में कनेक्शन देने वाले पॉइंट पर गैस लीक हो रही थी।
.
प्रथम दृष्टया वहां गर्मी के कारण पॉइंट पिघलने की बात सामने आई है। यह पटाखे या दीपक की वजह से भी हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
सबसे पहले पढ़िए, प्रत्यक्षदर्शी ने क्या बताया?
इस घटना में गोपाल किराना स्टोर के संचालक गोपाल कुमार ने सबसे पहले गैस का तेज रिसाव देखा। उनकी दुकान रिसाव वाले पॉइंट के ठीक सामने है। गोपाल के मुताबिक, पाइप के नोजल से तेजी से गैस निकल रही थी और तेज आवाज आ रही थी।
पहले उन्हें समझ नहीं आया कि क्या करें। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने भी गैस लीक होने की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने तत्काल फोन कर सूचना दी। पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। करीब 15-20 मिनट बाद इंडियन ऑयल की तकनीकी टीम भी मौके पर पहुंची और गैस रिसाव बंद कराया।

नोजल से तेजी से निकल रही थी गैस, दुकान के सामने मचा डर
गोपाल कुमार ने बताया कि गैस इतनी तेजी से निकल रही थी कि देखकर डर लग रहा था। दुकान सामने होने के कारण वह लगातार रिसाव को देख रहे थे। गोबरसही में पहले हुई घटना के बाद से ही मन में डर बना हुआ था।
उन्होंने कहा कि दीपावली का समय था और आसपास पटाखे भी फोड़े जा रहे थे। उन्हें आशंका थी कि कहीं कोई चिंगारी गैस के संपर्क में आ गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि सूचना देने के बाद प्रशासन और तकनीकी टीम ने पहुंचकर स्थिति संभाली, तब जाकर राहत मिली।

सूचना के तुरंत बाद घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी।
नमाज पढ़ने जा रहे थे, सूचना मिलते ही रास्ते से लौटे
पूर्व वार्ड पार्षद और वार्ड नंबर 38 से पार्षद प्रत्याशी इकबाल कुरैशी ने बताया कि वह नमाज पढ़ने जा रहे थे। रास्ते में गोपाल ने उन्हें पाइपलाइन से गैस रिसाव की जानकारी दी। इसके बाद वह नमाज के लिए जाने के बजाय तुरंत मौके पर पहुंचे और थाना प्रभारी को फोन कर सूचना दी।
उन्होंने बताया कि पाइप के ज्वाइंट वाले हिस्से में रिसाव हो रहा था। इकबाल ने कहा कि दीपावली के दिन आसपास पटाखे फोड़े जा रहे थे। ऐसे में यदि कोई चिंगारी गैस के संपर्क में आ जाती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
उन्होंने कंपनी और जिला प्रशासन से मांग की कि पाइपलाइन के ज्वाइंट की सुरक्षा की जांच कराई जाए। जिस वार्ड में काम शुरू हो, वहां पहले पूरे वार्ड का काम व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जाए।
हर मोहल्ले में कंपनी का टोल फ्री नंबर भी सार्वजनिक हो, ताकि गैस रिसाव जैसी आपात स्थिति में लोग तुरंत सूचना दे सकें। उन्होंने मोहल्ले के लोगों से पटाखे नहीं जलाने की अपील करते हुए कहा कि जान रहेगी तो आगे भी दीपावली मना सकेंगे।

100 मीटर दूर रहें, अफवाह नहीं फैलाएं
एसडीपीओ सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस और IOCL की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर गैस रिसाव बंद कराया। क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत की जा रही थी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कहीं भी गैस की गंध आए या रिसाव दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
उन्होंने कहा कि ऐसी जगह से कम से कम 100 मीटर दूर रहें और भीड़ नहीं लगाएं। एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव ने भी बताया कि जांच में ट्रांजिशन फिटिंग क्षतिग्रस्त मिली है। वहां जले हुए निशान भी थे। रिसाव का कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा।
गोबरसही में हाल में हुई गैस पाइपलाइन की घटना के बाद रामबाग चकबासू के लोगों में भी दहशत थी। इसी वजह से लोगों ने एहतियात बरतते हुए देर रात तक मोहल्ले में पटाखे नहीं जलाए। गैस रिसाव बंद होने के बाद भी लोग काफी देर तक सहमे रहे।
ये खबर भी पढ़ें
मुजफ्फरपुर में PNG पाइपलाइन से गैस रिसाव:गोबरसही ब्लास्ट के डर से घरों से बाहर निकले लोग, आधे घंटे में लीकेज पर काबू

मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चक वासु मोहल्ले में रविवार रात करीब 8:30 बजे PNG पाइपलाइन से गैस का रिसाव होने लगा।
इसकी सूचना मिलते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। दो नवंबर को गोबरसही में हुई PNG पाइपलाइन ब्लास्ट की घटना के बाद स्थानीय लोग दहशत में आ गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। पूरी कहानी…
