![]()
नालंदा के सरमेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत परनामा गांव में शनिवार की देर शाम मामूली विवाद को लेकर गोतिया के लोगों ने एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान परनामा गांव निवासी स्वर्गीय नरेश मांझी के 36 वर्षीय पुत्र समंत मांझी के रूप में की गई है। घटना के बाद गंभीर हालत में युवक को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। खाना खाकर बाहर निकलते ही लाठी-डंडों से किया जानलेवा हमला मृतक की पत्नी सीमा देवी ने बताया कि शनिवार की शाम उनके पति घर पर खाना खाकर हाथ धोने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गोतिया के लोगों ने उन्हें घेर लिया और अचानक लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके हाथ-पैर तोड़ दिए और अधमरा कर जमीन पर फेंक दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक घरवाले और भांजा मौके पर पहुंचे, तब तक समंत मांझी खून से लथपथ होकर अचेत पड़े थे और सभी हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। गाड़ी निकालने के दौरान टोकने पर हुआ था विवाद परिजनों के अनुसार, विवाद की शुरुआत गाड़ी निकालने के दौरान टोकने को लेकर हुई थी। गोतिया के परिवार में किसी भतीजे की मौत हो गई थी, जहां जाने के क्रम में गाड़ी निकालते समय समत मांझी ने कुछ बोल दिया था। इसी रंजिश और पुरानी खुन्नस को लेकर साधु मांझी और उसके पुत्रों जमाहिर मांझी, रौशन मांझी ने समंत मांझी पर जानलेवा हमला बोल दिया। सदर अस्पताल पर परिजनों का गंभीर आरोप, डॉक्टर ने बताया बेबुनियाद घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में घायल को सरमेरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक के साले प्रद्युमन कुमार ने सदर अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रात के वक्त अस्पताल में मरीज को देखने कोई डॉक्टर या नर्स नहीं पहुंचे। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद डॉक्टरों से मिलने नहीं दिया गया और समुचित इलाज के अभाव में रविवार की सुबह समंत मांझी की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। उधर, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीज का नियमानुसार उपचार किया गया था। यदि परिजनों की ओर से किसी प्रकार की लिखित शिकायत दी जाती है, तो मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
*आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी पुलिस* घटना की जानकारी मिलते ही सरमेरा थाने की पुलिस हरकत में आ गई। सरमेरा थाना के थाना अध्यक्ष साकेंद्र कुमार बिंद ने बताया कि मारपीट में घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत होने की सूचना मिली है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
*तीन मासूम बेटियों के सिर से उठा साया, परिवार पर रोजी-रोटी का संकट* मृतक समंत मांझी दैनिक मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके अचानक चले जाने से घर में तीन छोटी-छोटी बेटियों और पत्नी के सामने जीविकोपार्जन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
Source link
नालंदा में मजदूर की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या:खाना खाकर बाहर निकला था, पत्नी बोली- गाड़ी निकालने के दौरान टोका, इसलिए मार डाला
