![]()
गयाजी में मिठाई की गुणवत्ता जांचने निकली खाद्य संरक्षा विभाग की टीम के एक सदस्य गंभीर हादसे के शिकार हो गए। शहर के विजय लड्डू मिठाई दुकान के कारखाने में जांच के दौरान टीम के सदस्य जय प्रकाश गौतम का पैर फिसल गया और वह सिर के बल जमीन पर गिर गए। इस हादसे में उनका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गए। आनन-फानन में उन्हें जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में करीब एक घंटे तक उनका इलाज चला। फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रित बताई जा रही है। दूसरी मंजिल पर जांच के दौरान फिसला पैर जानकारी के अनुसार, पटना से आई खाद्य संरक्षा विभाग की विशेष टीम शनिवार को विजय लड्डू मिठाई दुकान के कारखाने में जांच करने पहुंची थी। टीम ने मिठाई के सैंपल इकट्ठा किए। इसके बाद जांच के लिए सदस्य दूसरी मंजिल पर जाने लगे। इसी दौरान जय प्रकाश गौतम का पैर फिसल गया। वह संभल नहीं सके और सिर के बल गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर अफरातफरी मच गई। टीम के दूसरे सदस्यों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। फिसलन वाले फर्श पर उठे सवाल मौके पर मौजूद खाद्य संरक्षा विभाग के डीओ अजय कुमार ने बताया कि वह विशेष टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके अनुसार, कारखाने का फर्श बेहद फिसलन भरा था। इसी वजह से यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि कारखाने में इस तरह का फर्श होना गलत है। इससे वहां काम करने वाले मजदूरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। कारखाने में नियमित साफ-सफाई और सुरक्षित व्यवस्था जरूरी है। जांच टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीनियर अफसर ने प्रतिष्ठान में व्यवस्था की रिपोर्ट मांगी घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य संरक्षा विभाग के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कुमार रवि भी सक्रिय हो गए। उन्होंने मातहत अधिकारियों को फोन पर संदेश भेजकर जख्मी कर्मी का बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने को कहा। साथ ही घटना की विस्तृत जानकारी ली और जिस प्रतिष्ठान में जांच चल रही थी। वहां की व्यवस्था की रिपोर्ट मांगी। डीओ अजय कुमार अस्पताल में टीम के साथ डटे रहे। जवाबदेही पर विभागीय अफसरों की चुप्पी विभाग के ही कर्मी के जख्मी होने के मामले में संबंधित अधिकारी स्पष्ट जानकारी देने से बचते दिखे। फूड इंस्पेक्टर संजीव कुमार से दोपहर और देर शाम संपर्क किया गया। पहली बार उन्होंने खुद को परेशानी में होने की बात कही। देर शाम बातचीत में उन्होंने कहा कि इस मामले में वह कुछ नहीं बता सकते। जानकारी के लिए सिविल सर्जन से संपर्क करने की सलाह दी।
Source link
गयाजी- जांच करने पहुंचे खाद्य अफसर का सिर फटा:मिठाई की फैक्ट्री में फिसलन वाले फर्श पर गिरने से हादसा, विभाग ने व्यवस्था की रिपोर्ट मांगी
