![]()
नालंदा जिले की साइबर पुलिस ने कॉल फॉरवर्डिंग तकनीक की मदद से व्हाट्सऐप हैक कर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अस्थावाँ थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को रंगे हाथों धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय कमलेश कुमार और 22 वर्षीय धीरज कुमार के रूप में हुई है, जो दोनों फिरोजपुर गांव के ही निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले चार आधुनिक टचस्क्रीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। कॉल फॉरवर्डिंग के जाल में फंसाकर हैक करते थे खाता साइबर डीएसपी ऋषभ आनंद ने बताया कि राष्ट्रीय साइबर पुलिस पोर्टल से संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जानकारी मिलने के बाद इस गिरोह पर निगरानी रखी जा रही थी। जांच में सामने आया कि ये जालसाज बेहद शातिराना तरीके से कॉल फॉरवर्डिंग तकनीक का दुरुपयोग करते थे। आरोपी पहले किसी तरह पीड़ित के फोन पर कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय करवा लेते थे और फिर उसके व्हाट्सऐप अकाउंट का नियंत्रण अपने हाथ में ले लेते थे। इसके बाद वे खाते में मौजूद संपर्कों और संदेशों का गलत इस्तेमाल शुरू करते थे। परिचित बनकर परिजनों और दोस्तों से ऐंठते थे रुपये व्हाट्सऐप पर पूरी तरह कब्जा जमाने के बाद आरोपी पीड़ित के परिचित, दोस्त या रिश्तेदार बनकर आपात स्थिति का बहाना बनाते थे। वे तुरंत आर्थिक मदद की मांग करते हुए विभिन्न डिजिटल माध्यमों से अपने बैंक खातों या वॉलेट में रुपये ट्रांसफर करवा लेते थे। जब तक असली खाताधारक को इसका पता चलता, तब तक कई लोग ठगी के शिकार हो चुके होते थे। इस मामले को लेकर नालंदा साइबर थाने में 6 नवंबर को कांड दर्ज किया गया था। विशेष पुलिस टीम ने दबोचा, न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी घटना के त्वरित खुलासे के लिए इंस्पेक्टर कुमारी उषा सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में दारोगा अबू तालीब अंसारी, विवेक कुमार, सिपाही पुनेश कुमार, चन्दन कुमार, राजन कुमार मांझी, यश कुमार, ऋतु राज, चालक निरंजन कुमार तथा गृह रक्षक करन और संदीप कुमार शामिल थे। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इधर, पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए अनजान फोन कॉल, संदेश या विज्ञापनों की सत्यता जांचे बिना किसी भी वित्तीय लेन-देन से बचने की सलाह दी है।
Source link
नालंदा- कॉल फॉरवर्ड कर ठगी के दो आरोपी अरेस्ट:वॉट्सएप हैक कर वारदात को देते थे अंजाम, नेशनल साइबर पोर्टल पर शिकायत के बाद कार्रवाई
