![]()
दीपावली के पावन पर्व पर शहर के हृदयस्थली स्थित हरदेव चौक पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों और गणमान्य लोगों ने 1999 के कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीद हरदेव प्रसाद की आदमकद प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण किया। इसके उपरांत प्रतिमा स्थल के चारों ओर कतारबद्ध दीये जलाए गए, जिससे पूरा चौक देशभक्ति के आलोक से जगमगा उठा। वीर सपूत का बलिदान अविस्मरणीय श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कारगिल की दुर्गम चोटियों पर दुश्मनों के दांत खट्टे करने वाले वीर सपूत हरदेव जी का बलिदान पूरे देश और विशेषकर नालंदा के लिए गौरव का विषय है। खुशियों और रोशनी के त्योहार पर देश की सीमाओं के प्रहरियों और अमर बलिदानियों को स्मरण करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। मौके पर मौजूद कृष्णा प्रसाद ने कहा कि हरदेव बाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीपोत्सव का उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके पराक्रम व त्याग से अवगत कराना है। इस आयोजन में आसपास के कई मोहल्लेवासियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता संजय कुशवाहा ने दीपोत्सव के उपरांत जिलावासियों, प्रदेशवासियों और देशवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। सोमालिया मिशन में भी दिखाया था पराक्रम, सेना से मिला था सम्मान नालंदा जिले के एकंगरसराय प्रखंड अंतर्गत ग्राम कुकुरबार के मूल निवासी हरदेव प्रसाद दृढ़ इच्छाशक्ति और अद्भुत युद्ध कौशल के धनी सैनिक थे। देश की सीमाओं पर तैनात रहने के साथ-साथ उन्हें संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन के तहत सोमालिया भी भेजा गया था, जहां उन्होंने रणक्षेत्र में असाधारण वीरता का परिचय दिया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारतीय सेना द्वारा उन्हें विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। बाद में कारगिल युद्ध के दौरान वे दुश्मनों से लोहा लेते हुए रणभूमि में वीरगति को प्राप्त हुए। समाहरणालय के ‘हरदेव भवन’ में जीवन वृत्त पट्टिका दोबारा लगाने की मांग शहीद की स्मृति को संजोने के लिए नालंदा के तत्कालीन जिलाधिकारी हुकुम सिंह मीणा की विशेष पहल पर जिला समाहरणालय परिसर में ‘हरदेव भवन’ का निर्माण कराया गया था। उस भवन के निचले परिसर में बलिदानी हरदेव प्रसाद का जीवन वृत्त और सेना में उनकी ऐतिहासिक उपलब्धियों का विवरण अंकित था। स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में वह ऐतिहासिक विवरण पट्टिका वहां से विलुप्त हो चुकी है। उपस्थित लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की कि समाहरणालय परिसर में शहीद हरदेव प्रसाद की जीवनी और उपलब्धियों की पट्टिका को पुनः स्थापित किया जाए, ताकि आने वाली युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना निरंतर जाग्रत रहे। इस अवसर पर मुन्ना यादव, सतीश कुमार डॉक्टर पुरुषोत्तम, अर्जुन प्रसाद, मदन कुमार समेत अन्य गनमान्य लोग मौजूद रहे
Source link
दीपावली पर अमर बलिदानी हरदेव बाबू को किया नमन:प्रज्वलित किए गए दीये, कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए थे एकंगरसराय के सपूत
