Headlines

मुंगेर-महादलित टोले के परिवारों संग डीएम ने मनाई दीपावली:बच्चों को बांटे खिलौने-मिठाइयां, फुलझड़ियां छोड़ साझा की खुशियां




मुंगेर में दीपावली के अवसर पर जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणिकर ने सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देते हुए मकससपुर मोहल्ला स्थित महादलित टोले में परिवारों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने टोले के बुजुर्ग लक्ष्मण बांसफोड़ के साथ दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान बच्चों के बीच खिलौने और मिठाइयां बांटीं और उनके साथ फुलझड़ियां छोड़कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। दीपोत्सव के दौरान डीएम ने टोले के लोगों और बच्चों के साथ समय बिताया। उन्होंने बच्चों को मिठाइयां और खिलौने दिए तथा उनके साथ दीपावली मनाई। इस पहल के जरिए जिला प्रशासन ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के बीच पहुंचकर उनकी खुशियों में शामिल होने का संदेश दिया। देखें, मौके से आई तस्वीरें… नालियों में गंदा पानी, मच्छरों से परेशानी दीपोत्सव के दौरान स्थानीय लोगों ने डीएम को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद मोहल्ले में नियमित साफ-सफाई नहीं होती है। नालियों में गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे बीमारियों की आशंका बनी रहती है। लोगों ने जलनिकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया। विकास मित्र से हर घर का होगा सर्वे डीएम ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि विकास मित्र के माध्यम से महादलित टोले के प्रत्येक घर का सर्वे कराया जाएगा। इसमें परिवारों की समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली जाएगी। इसके बाद संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। पात्र परिवारों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। सभी महादलित टोलों में पहुंचे अधिकारी पत्रकारों से बातचीत में डीएम ने जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि जिले के सभी महादलित टोलों में पदाधिकारी पहुंचे और परिवारों के साथ दीपोत्सव मनाकर उनकी समस्याएं सुनीं। डीएम ने कहा कि बच्चों के साथ दीपावली मनाना, उन्हें मिठाइयां और खिलौने देना तथा फुलझड़ियां छोड़ना सुखद अनुभव रहा। इससे परिवारों को महसूस होगा कि जिला प्रशासन उनके सुख-दुख में साथ है। विकसित बिहार के संकल्प पर काम डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री के विकसित और समृद्ध बिहार के संकल्प को साकार करने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है। प्रशासन का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *