![]()
मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व को लेकर गुरुवार से प्रखंड के विभिन्न पंचायतों और गांवों में छठ घाटों की साफ-सफाई का विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। बोचहां बीडीओ जूही कुमारी के निर्देश पर पंचायत एवं वार्ड स्तर पर बहाल स्वच्छता कर्मियों को घाटों की सफाई में लगाया गया है। अभियान के तहत विभिन्न गांवों में पोखर, तालाब और नदी किनारे बने छठ घाटों की सीढ़ियों की सफाई की जा रही है। इसके साथ ही घाटों के आसपास फैली गंदगी, जंगल-झाड़ियों और कचरे को हटाया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। प्रखंड के देवगन, उनसर, भुताने, सहिला रामपुर, मैदापुर, डुमरी घाट, सरफुद्दीनपुर, बिशनपुर जगदीश, आथर, बल्थी रसूलपुर, मझौली, कफेन चौधरी, रामपुर जयपाल, झपहां, बलिया इंद्रजीत, बहलोलपुर, गरहां, पटियासा, नरमा, नरकटिया, घरभारा, कर्णपुर दक्षिणी, कर्णपुर उत्तरी और लोहसरी सहित विभिन्न पंचायतों एवं गांवों में स्वच्छता कर्मी छठ घाटों की सफाई में जुटे हुए हैं। इस संबंध में बोचहां बीडीओ जूही कुमारी ने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए प्रखंड क्षेत्र के सभी संबंधित छठ घाटों की साफ-सफाई का अभियान तेज कर दिया गया है। पंचायतों के वार्ड स्तर पर बहाल स्वच्छता कर्मियों को इस कार्य में लगाया गया है। सभी कर्मियों को घाटों की सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि छठ पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुविधाजनक माहौल मिल सके।
Source link
बोचहां में छठ घाटों की सफाई शुरू:बीडीओ के निर्देश पर पंचायत और वार्ड स्तर पर स्वच्छता कर्मी अभियान में जुटे
