Headlines

नालंदा में नकली ब्रांडेड शराब बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा:570 लीटर शराब बरामद, मौके से एक धंधेबाज गिरफ्तार; खंडहरनुमा मकान में चल रहा था कारोबार




नालंदा में मद्य निषेध विभाग और मानपुर पुलिस ने त्योहार से पहले बड़ी कार्रवाई की है। परोहा गांव में अवैध रूप से संचालित मिनी विदेशी शराब फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। पुलिस ने गांव के बीचों-बीच स्थित एक पुराने खंडहरनुमा मकान में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान नामी कंपनियों के नाम पर बनाई जा रही भारी मात्रा में नकली ब्रांडेड विदेशी शराब, स्पिरिट, रैपर, ढक्कन और शराब बनाने के आधुनिक उपकरण बरामद किए। मौके से पुलिस ने एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। गिरोह में शामिल अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है। घनी आबादी के बीच खंडहर में तैयार हो रही थी नामी ब्रांड्स की नकली शराब यह पूरी कार्रवाई मद्य निषेध थानाध्यक्ष नीतीश कुमार और मानपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार के संयुक्त नेतृत्व में संचालित की गई। जांच में सामने आया कि इस पुराने मकान की आड़ में स्पिरिट और केमिकल कलर मिलाकर नामी कंपनियों की नकली अंग्रेजी शराब तैयार की जा रही थी। इसके बाद इन बोतलों पर नामी ब्रांड्स के नकली रैपर चिपकाकर और ढक्कन पंच कर आगामी पर्व को लेकर बाजार में खपाया जा रहा था। गांव के बीचों-बीच खंडहरनुमा मकान चुनने का मकसद यही था कि घनी आबादी के बीच किसी को इस गोरखधंधे की भनक तक न लगे। सरबहदी में 15 अप्रैल को हुई कार्रवाई के बाद तस्करों ने बदला था ठिकाना मद्य निषेध थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि इस सिंडिकेट के तार मानपुर थाना क्षेत्र के ही सरबहदी गांव से जुड़े हैं। पुलिस ने बीते 15 अप्रैल को सरबहदी में छापेमारी कर इसी गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सामान के साथ धंधेबाजों पर शिकंजा कसा था। गांव में लगातार पुलिस की दबिश और छापेमारी के बाद इस गिरोह ने वहां से अपना बोरिया-बिस्तर समेट लिया था। पुलिस की नजरों से बचने के लिए तस्करों ने परोहा गांव के इस वीरान मकान में अपनी नई फैक्ट्री स्थापित कर ली थी। वहीं से नकली शराब बनाने का कारोबार दोबारा शुरू कर दिया था। सैकड़ों लीटर नकली शराब, स्पिरिट और पैकेजिंग सामग्री बरामद छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 570.375 लीटर निर्मित नकली विदेशी शराब जब्त की है। इसके अलावा नकली शराब तैयार करने के लिए रखी गई 50 लीटर स्पिरिट (25 लीटर के दो गैलन) और 5 लीटर कलर भी जब्त किया गया है। मौके से ब्रांडेड बोतलों को पैक करने के लिए रखे 4 बोरा ढक्कन, 1 बोरा नकली रैपर, खाली बोतलों के तीन बोरे (180 एमएल के दो बोरे व 750 एमएल का एक बोरा), एक पंचिंग मशीन, एक मोटर और शराब मापने वाले तीन बीकर भी बरामद किए गए हैं। फरार तस्करों की तलाश में पुलिस की दबिश पुलिस ने घटनास्थल के पास से ही परोहा गांव निवासी ज्ञानेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जो इस अवैध कारोबार में सक्रिय सहयोगी की भूमिका निभा रहा था। इस संयुक्त टीम में दरोगा श्वेता कुमारी, प्रियंका कुमारी, पुलिसकर्मी सुभाष और अनिल सहित दोनों थानों के जवान शामिल थे। पुलिस अब मकान मालिक की पहचान जुटाने के साथ ही सरबहदी से परोहा तक फैले इस नकली शराब सिंडिकेट के बाकी सरगनाओं को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *