Headlines

बेगूसराय- इंजीनियर के सिर में मारी गोली:गुटखा खाकर थूकने पर हुआ था विवाद, छठ पूजा की चर्चा के दौरान हमला, एक हिरासत में




बेगूसराय से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बखरी प्रखंड के परिहारा थाना क्षेत्र स्थित परिहारा न्यू मार्केट के पास थूक फेंकने के विवाद में एक युवक को सरेआम गोली मार दी गई। घायल युवक की पहचान परिहारा वार्ड नंबर-12 के रहने वाले स्व. धनिक सहनी के पुत्र रविभूषण सहनी उर्फ लंबू (32) के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। गनीमत यह रही कि गोली सिर के पास आंशिक रूप से लगी, जिससे डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। घटना के संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार पूरा विवाद मामूली बात से शुरू हुआ था। गुटखा थूकने को लेकर हुआ था विवाद स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार की रात रविभूषण सहनी और स्थानीय कुछ अन्य युवक आपस में साथ थे। इसी दौरान वहां गुटखा खाकर थूक फेंकने की घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। उस समय आसपास के लोगों की सूझबूझ से मामले को शांत करा दिया गया था और दोनों पक्षों के बीच विवाद खत्म मान लिया गया था। छठ की तैयारी पर चल रही थी चर्चा इसके बाद गुरुवार को अपने घर से करीब 500 मीटर दूर परिहारा न्यू मार्केट के समीप रविभूषण सहनी अपने कुछ दोस्तों और स्थानीय लड़कों के साथ बैठा हुआ था। सभी लोग आगामी छठ पूजा को लेकर चर्चा कर रहे थे। विचार-विमर्श कर रहे थे कि इस बार पूजा की क्या और कैसे व्यवस्था की जानी है। इसी दौरान घात लगाए बैठे आरोपी युवक वहां पहुंचे। पैदल ही आए थे अपराधी प्रत्यक्षदर्शी जीत कुमार सहनी ने बताया कि हमलावर तीन से चार की संख्या में थे और सभी पैदल ही आए थे। आरोपियों ने बिना किसी लंबी बातचीत के अचानक रविभूषण सहनी को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली सीधे रविभूषण के सिर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। साथियों ने पहुंचाया अस्पताल वारदात के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। साथी युवकों और स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ रविभूषण को संभाला और आनन-फानन में बाइक से नजदीकी अस्पताल होते हुए बेगूसराय के एक अस्पताल में पहुंचाया। समय पर इलाज से उसकी जान बच गई और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर एवं खतरे से बाहर बताई जा रही है। पत्नी कैमूर में है एएनएम जानकारी के अनुसार रविभूषण सहनी ने बीटेक की पढ़ाई पूरी कर ली है और वर्तमान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। जबकि रविभूषण की पत्नी कैमूर जिले में एएनएम के पद पर कार्यरत है। उसके परिवार का इतिहास भी काफी त्रासद रहा है। रविभूषण के पिता धनिक सहनी रेलवे पुलिस विभाग में कार्यरत थे, जिनकी नब्बे के दशक में हत्या कर दी गई थी। एक संदिग्ध हिरासत में पिता की हत्या के इतने सालों बाद अब उनके बेटे पर हुए इस जानलेवा हमले से परिवार और परिजनों में गहरा सदमा है। घटना की सूचना मिलते ही परिहारा थानाध्यक्ष प्रकाश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। बखरी डीएसपी ने क्या बताया, पढ़िए फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है, नशीले पदार्थों या सूखे नशे के सेवन जैसी बातों और पुरानी रंजिश के एंगल को भी खंगाला जा रहा है। बखरी डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि गोलीबारी की इस घटना को अंजाम देने वाले सभी आरोपित युवक पुलिस के रडार पर हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और बहुत जल्द सभी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *