![]()
अरवल में पुलिस अधीक्षक नवजोत सिमी की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, थानाध्यक्ष, शाखा प्रभारी एवं अन्य संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, अनुसंधान की प्रगति तथा पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सक्रिय एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आमजन में सुरक्षा की भावना बनाने तथा अपराधियों में पुलिस का भय कायम करने के लिए नियमित गश्ती, वाहन जांच तथा संवेदनशील एवं अपराध प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा। सुबह, दोपहर, शाम एवं रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधानकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गंभीर मामलों के त्वरित उद्भेदन, आरोप पत्र समर्पण, स्पीडी ट्रायल, लंबित वारंट, इश्तहार एवं कुर्की के निष्पादन तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने जेल से छूटे अपराधियों, शराब तस्करों, भू-माफियाओं, एनडीपीएस एक्ट के आरोपितों एवं संगठित अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखने तथा अवैध संपत्तियों की जब्ती की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर ठगी के मामलों के त्वरित निष्पादन, डायल-112 सेवा, सीसीटीएनएस प्रणाली एवं तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग की भी समीक्षा की गई। साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी विशेष बल दिया गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, अपराध नियंत्रण एवं जनविश्वास बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
Source link
एसपी का अपराधियों पर सख्ती बरतने के निर्देश:क्राइम मीटिंग में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के बाद दिए निर्देश
