![]()
मोतिहारी के चकिया थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई झड़प में एक युवक को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल युवक की पहचान कोयला बेलवा पंचायत के वार्ड नंबर 11 निवासी संजय चौरासिया के 26 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। जमीन को लेकर कुछ दिनों से विवाद जानकारी के अनुसार, गोलू कुमार का अपने पाटीदार सत्यम उर्फ राजा के साथ पिछले कुछ दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार शाम इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान सत्यम उर्फ राजा ने गोलू कुमार पर गोली चला दी। गोली गोलू के कंधे में लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल हो गया। डॉक्टर बोले-हालत फिलहाल स्थिर घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल गोलू कुमार को इलाज के लिए चकिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, गोली कंधे में लगी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर है, हालांकि उसे निगरानी में रखा गया है। मामले की जांच की जा रही-थानाध्यक्ष घटना की सूचना मिलते ही चकिया थानाध्यक्ष धर्म प्रकाश पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सत्यम उर्फ राजा सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ जारी पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों के बीच पहले से चल रहे विवाद की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। इसे देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
Source link
जमीनी विवाद में चली गोली, युवक के कंधे में लगी:मोतिहारी में दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट, 3 हिरासत में; घायल का इलाज जारी
