![]()
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे ‘समता संकल्प अभियान’ के तहत पटना से रवाना हुआ पावन कलश शुक्रवार को जहानाबाद पहुंचा। इस अभियान का उद्देश्य सामाजिक समरसता, समानता और बंधुत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। जहानाबाद पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने कलश का स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, महामंत्री अनिल ठाकुर सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्राचीन देवी मंदिर परिसर पहुंचे। मंदिर परिसर में पावन कलश का विधिवत स्वागत किया गया। यहां पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान के बाद कलश को स्थापित किया गया। इस दौरान संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज कुमार ने कहा कि संत रविदास जी किसी एक जाति या वर्ग के संत नहीं थे, बल्कि वे पूरे समाज के संत और सामाजिक समानता के महान संदेशवाहक थे। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, प्रेम, भाईचारे और समानता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव को समाप्त करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बताया कि इस पावन कलश की मिट्टी को जिले के सभी प्रखंडों और नगर मंडलों तक पहुंचाया जाएगा। इसे विभिन्न मंदिरों में स्थापित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य समाज में एकता, भाईचारा और सामाजिक समरसता को और मजबूत करना है। आने वाले दिनों में इस अभियान को जिले में और व्यापक रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री अनिल ठाकुर, सरकार कुमार, कुणाल कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Source link
संत रविदास जयंती: ‘समता संकल्प अभियान’ कलश जहानाबाद पहुंचा:650वीं जयंती पर सामाजिक समरसता का संदेश, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
