![]()
पूर्णिया नगर निगम में पिछले आठ दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म हो गई है। हालांकि, सफाईकर्मियों को महासंघ की ओर से आधिकारिक या लिखित पत्र अभी नहीं मिला है। सफाईकर्मियों ने कहा कि देर रात तक लिखित पत्र मिल जाएगा, जिसके बाद हम लोग शुक्रवार से सफाई में जुट जाएंगे। वहीं, पूर्णिया की मेयर विभा कुमारी ने सफाईकर्मियों से अपील की कि आपकी मांगों को मान लिया गया है। सावन का पावन महीना चल हा है, इसलिए आप लोग जल्द से जल्द सफाई के लिए काम पर लौट जाएं। बिहार लोकल बॉडीज़ एम्पलायीज़ फेडरेशन के संगठन मंत्री और पूर्णिया प्रमंडल के पर्यवेक्षक बैद्यनाथ सिंह ने बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से पटना में महासंघ की ओर से हड़ताल समाप्त करने की जानकारी मिली है। हालांकि, उन्हें अभी तक महासंघ की ओर से कोई आधिकारिक या लिखित पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। शुक्रवार से शहर में जमा कूड़े को हटाया जाएगा संगठन के मंत्री बैद्यनाथ सिंह ने आश्वस्त किया कि जैसे ही महासंघ का औपचारिक ऐलान होगा कर्मचारी तुरंत शांतिपूर्ण ढंग से काम पर लौटेंगे। पिछले 8 दिनों से प्रभावित पड़ी शहर की डोर-टू-डोर कचरा उठाव व सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम कल से तेजी के साथ शुरू कर दिया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल के साथ संघ की वार्ता हड़ताल टूटने की ख़बर और औपचारिक ऐलान के बीच संगठन ने पूर्णिया नगर निगम की महापौर विभा कुमारी द्वारा बनाई गई पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। इस दरमियान राज्यव्यापी हड़ताल के बाद संगठन के पत्र का इंतजार कर हड़ताल समाप्त करने पर चर्चा हुई तथा निगम स्तर पर आने वाली समस्याएं भी पार्षदों को बताई। पार्षदों के प्रतिनिधि मंडल ने आश्वस्त किया है कि राज्यव्यापी हड़ताल समाप्त होने के बाद महापौर के समक्ष निगम स्तर पर आने वाली समस्याओं को सुना जाएगा साथ ही बोर्ड बैठक में इस पर निर्णय लिया जाएगा। मेयर का सफाई कर्मियों को संदेश पूर्णिया नगर निगम में गुरुवार को महापौर विभा कुमारी की पहल पर वार्ड पार्षदों एवं पार्षद प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को हड़ताली कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों और समस्याओं पर बातचीत किया। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों के लीडरों को महापौर का संदेश भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि महापौर विभा कुमारी इन दिनों पवित्र श्रावणी कांवर यात्रा के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर की यात्रा पर हैं। यात्रा के दौरान ही उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी से दूरभाष पर बातचीत की है। साथ ही नगर विकास एवं आवास मंत्री तथा विभाग के प्रधान सचिव को पत्र भेजकर कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक एवं मानवीय दृष्टिकोण से विचार करने तथा शीघ्र समाधान निकालने का आग्रह किया है। निगम स्तर पर समस्याओं को बोर्ड बैठक में रखेंगे महापौर की ओर से प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि जिन मांगों का समाधान स्थानीय स्तर पर नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में संभव है, उन सभी विषयों को आगामी नगर निगम बोर्ड की बैठक में प्राथमिकता के आधार पर रखा जाएगा तथा आवश्यक निर्णय लेकर उन्हें पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। मेयर और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का जताया आभार बैद्यनाथ सिंह ने पूर्णिया की मेयर, स्थानीय वार्ड पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन व महापौर लगातार कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव, जिलाधिकारी पूर्णिया एवं नगर आयुक्त को पत्र लिखकर कर्मचारियों की जायज मांगों का समर्थन किया था। इसके लिए पूरा कर्मचारी संघ उनका ऋणी रहेगा।
Source link
पूर्णिया में सफाई कर्मचारी शुक्रवार से काम पर लौटेंगे:औपचारिक ऐलान का इंतजार, मेयर की अपील- सावन का महीना है, काम पर लौटें
