![]()
जमुई के बरहट प्रखंड के चोरमारा गांव के लोगों को अब राशन के लिए पांच से छह घंटे का सफर नहीं करना पड़ेगा। गांव की आदिवासी महिला रीता कोड़ा का जन वितरण प्रणाली (PDS) विक्रेता के रूप में चयन हुआ है। यह पहली बार है, जब चोरमारा गांव को अपना राशन डीलर मिला है। अब ग्रामीणों को गांव में ही राशन मिल सकेगा। पहले चोरमारा अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र था। डर और असुरक्षा के माहौल के बीच लोगों को राशन लेने के लिए दूर जाना पड़ता था। बारिश हो या धूप, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। कई बार समय पर राशन भी नहीं मिल पाता था। गांव में अपनी डीलर मिलने से अब यह मुश्किल दूर होने की उम्मीद है। देखें, मौके से आई तस्वीरें… नक्सल मुक्त क्षेत्र में विकास की नई पहल अब चोरमारा नक्सल मुक्त हो चुका है। इलाके में सड़क, स्कूल, पानी और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं पर काम हो रहा है। अधिकारियों का गांव में आना-जाना बढ़ा है और लोग अपनी समस्याएं खुलकर रख पा रहे हैं। ऐसे माहौल में गांव की ही बेटी का राशन डीलर बनना स्थानीय लोगों के लिए खास उपलब्धि है। बच्चों को पढ़ाती हैं रीता कोड़ा रीता कोड़ा पिता भोला कोड़ा की बेटी हैं और चोरमारा के वार्ड नंबर-2 की निवासी हैं। वह पहले से ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। सीआरपीएफ कैंप के पास गांव के बच्चों को पढ़ाती हैं। अब बच्चों को शिक्षा देने के साथ गांव के लोगों तक राशन पहुंचाने की जिम्मेदारी भी निभाएंगी। ग्रामीण उन्हें अपनी बेटी और बहन मानते हैं। 83 विक्रेताओं की अंतिम सूची जारी जमुई के जिलाधिकारी नवीन ने बताया कि बिहार लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत नई अनुज्ञप्ति देने की प्रक्रिया पूरी की गई है। पहले औपबंधिक सूची जारी कर लोगों से आपत्तियां मांगी गईं। आपत्तियों के निपटारे के बाद कुल 83 विक्रेताओं की अंतिम सूची प्रकाशित की गई है। इसमें चोरमारा की रीता कोड़ा का नाम भी शामिल है। डीएम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर गांव तक समय पर और सही तरीके से राशन पहुंचाना है। गांव की ही महिला के डीलर बनने से इस व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
Source link
5-6 घंटे का सफर खत्म,अब गांव में ही मिलेगा राशन:चोरमारा की रीता कोड़ा बनीं पहली डीलर, 83 विक्रेताओं की अंतिम सूची जारी
