![]()
पूर्णिया के कसबा-टीकापुर सड़क मार्ग पर टीकापुर मोड़ के पास सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों गुरुवार देर रात एक ही स्कूटी से टीकापुर से कसबा लौट रहे थे। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे निर्माण कार्य के बोर्ड से टकरा गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 23 वर्षीय मुकेश कुमार साह और 22 वर्षीय छोटू यादव शामिल हैं। मुकेश अपने बेटे का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। गुरुवार रात जिस घर में जन्मदिन की खुशियां थीं, वहां शुक्रवार सुबह चीख-पुकार मच गई। जन्मदिन समारोह के बाद लौट रहे थे दोनों मृतकों की पहचान कसबा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 निवासी मुकेश कुमार साह (23) और फूलवड़िया मोहल्ला, वार्ड संख्या 10 निवासी छोटू यादव (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार को मुकेश के बेटे का जन्मदिन था। घर में समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद देर रात मुकेश और छोटू एक ही स्कूटी से टीकापुर गए थे। वहां से कसबा लौटने के दौरान टीकापुर मोड़ के पास उनकी स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे सड़क निर्माण कार्य के बोर्ड से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे युवक स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद दोनों युवक काफी देर तक सड़क पर गंभीर हालत में पड़े रहे। समय पर उन्हें अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि हादसे की जानकारी परिजनों को भी तत्काल नहीं मिल सकी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव घटना की सूचना मिलने पर कसबा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शुक्रवार सुबह शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, पूर्णिया भेज दिया गया। जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं मुकेश के बेटे के जन्मदिन पर गुरुवार रात परिवार में उत्सव का माहौल था। शुक्रवार सुबह हादसे की खबर पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं। मुकेश के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, छोटू यादव की मौत से फूलवड़िया मोहल्ले और वार्ड संख्या 10 व 18 में शोक का माहौल है। दोनों युवकों की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Source link
बेटे का बर्थेड मनाकर लौट रहे पिता की मौत:पूर्णिया में स्कूटी निर्माण कार्य के बोर्ड से टकराई; एक अन्य युवक की भी गई जान
