![]()
पूर्णिया में दुर्गा पूजा, दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व के दौरान शहर की साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं को व्यवस्थित रखने में योगदान देने वाले नगर निगम के सफाई कर्मियों, एनजीओ कर्मियों और निगम कर्मियों को सम्मानित किया गया। नगर निगम सभागार में आयोजित समारोह में महापौर विभा कुमारी ने सभी कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर उनके परिश्रम, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। 80 छठ घाटों पर किए गए थे विशेष इंतजाम महापौर विभा कुमारी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने दुर्गा पूजा से लेकर छठ महापर्व तक शहर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और बुनियादी नागरिक सुविधाओं को लेकर विशेष तैयारियां की थीं। दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों, प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में नियमित सफाई अभियान चलाया गया। दीपावली और काली पूजा के मौके पर कूड़े का उठाव, चौक-चौराहों और सड़कों की सफाई के साथ काली मंदिरों के आसपास विशेष व्यवस्था की गई। वहीं, नगर निगम क्षेत्र के करीब 80 छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए इंतजाम किए गए थे। इनमें 65 चिन्हित घाट और करीब 15 लोगों की ओर से बनाए गए घाट शामिल थे। घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग, शौचालय, रोशनी, चेंजिंग रूम, वॉच टावर और फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई थी। सामूहिक प्रयास से सफल हुए आयोजन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर विभा कुमारी ने कहा कि इतने बड़े पर्वों का व्यवस्थित आयोजन सभी की सामूहिक भागीदारी से संभव हुआ। सफाई कर्मियों और एनजीओ कर्मियों ने दिन-रात मेहनत कर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वार्ड पार्षदों, पार्षद प्रतिनिधियों और नगर निगम के पदाधिकारियों व कर्मियों ने भी पूरी तत्परता से अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि शहरवासियों ने भी स्वच्छता बनाए रखने और शांतिपूर्ण माहौल कायम रखने में सहयोग किया। महापौर ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, निगम कर्मियों, वार्ड पार्षदों, पूजा समितियों, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों के प्रति आभार जताया। सेवा भावना के लिए जताया आभार महापौर ने कहा कि सम्मान समारोह का उद्देश्य उन कर्मियों के प्रति आभार जताना है, जो त्योहारों के दौरान खुद मेहनत करके दूसरों की खुशियों और सुविधाओं का ख्याल रखते हैं। पर्वों के दौरान बेहतर व्यवस्था किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे शहर के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी से आगे भी इसी एकजुटता और सहयोग के साथ स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित पूर्णिया के निर्माण में भागीदार बने रहने की अपील की।
Source link
पूर्णिया नगर निगम ने सफाई-एनजीओ कर्मियों को सम्मानित किया:दुर्गा पूजा, दीपावली, काली पूजा और छठ के आयोजन में भूमिका के लिए प्रशस्ति पत्र दिए
