Headlines

Sukanya Samriddhi Yojana 2026 | Invest 15 Years Earn 8.2% Interest


2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

अगर आप बेटी की पढ़ाई और शादी के लिए एक बड़ा फंड जोड़ना चाहते हैं, तो सुकन्या समृद्धि योजना आपके काम आ सकती है। अभी सरकार इस पर 8.2% सालाना ब्याज दे रही है।

इस स्टोरी में हम आपको सीधे गणित से समझाएंगे कि हर महीने ₹1,000, ₹5,000 या ₹10,000 जमा करने पर 21 साल बाद आपको कितने लाख रुपए मिलेंगे। साथ ही, अकाउंट खोलने के नियम, बीच में पैसे निकालने की शर्तें और टैक्स छूट से जुड़ी हर जरूरी बात…

हर महीने की बचत पर 21 साल बाद कितना पैसा मिलेगा?

हर महीने निवेश 15 साल में कुल जमा 21 साल बाद अनुमानित फंड
₹250 ₹45,000 ₹1.39 लाख
₹1,000 ₹1.80 लाख ₹5.55 लाख
₹2,500 ₹4.50 लाख ₹13.87 लाख
₹5,000 ₹9 लाख ₹27.73 लाख
₹10,000 ₹18 लाख ₹55.46 लाख

नोट: ये आंकड़े सिर्फ एक अनुमान हैं। सरकार हर तीन महीने में ब्याज दरों की समीक्षा करती है, इसलिए 21 साल बाद मिलने वाली असली रकम कम या ज्यादा हो सकती है।

कब और क्यों शुरू हुई थी ये स्कीम?

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत 22 जनवरी 2015 को सुकन्या समृद्धि योजना शुरू की थी। इसका मकसद माता-पिता को अपनी बेटियों के भविष्य के लिए बचत करने के लिए प्रेरित करना है। इसमें मूलधन और ब्याज की गारंटी सरकार देती है।

कौन और कहां खुलवा सकता है खाता?

भारतीय नागरिकता वाली किसी भी बेटी के जन्म से लेकर उसके 10 साल का होने तक माता-पिता या कानूनी अभिभावक यह खाता खुलवा सकते हैं। एक बेटी के नाम पर सिर्फ एक ही खाता खुलता है और एक परिवार में ज्यादा से ज्यादा दो बेटियों के खाते खोले जा सकते हैं।

यह खाता पोस्ट ऑफिस, सरकारी बैंक और चार प्राइवेट बैंकों HDFC, एक्सिस, ICICI और IDBI बैंक में खोला जा सकता है। देश में कहीं भी ट्रांसफर होने पर खाते को वहां शिफ्ट किया जा सकता है। बेटी के 18 साल के होने तक माता-पिता इस खाते को चलाते हैं, और 18 साल की उम्र पूरी होने पर जरूरी कागजात जमा कर बेटी खुद अपना खाता संभाल सकती है।

खाता खोलने के लिए जरूरी कागजात

  • बैंक या पोस्ट ऑफिस से मिलने वाला अकाउंट ओपनिंग फॉर्म
  • बेटी का जन्म प्रमाण पत्र
  • आधार कार्ड या आधार नंबर
  • पैन कार्ड या फॉर्म-60

कितना पैसा जमा कर सकते हैं और ब्याज कैसे मिलता है?

आप कम से कम ₹250 से यह खाता शुरू कर सकते हैं। इसके बाद ₹50 के गुणक जैसे 100, 500 में पैसा जमा किया जा सकता है। एक साल में कम से कम ₹250 और ज्यादा से ज्यादा ₹1.50 लाख जमा करने की लिमिट है। खाता खुलने से 15 साल तक ही इसमें पैसा जमा करना होता है।

सरकार हर तिमाही में ब्याज दर तय करती है, जो अभी 8.2% सालाना है। ब्याज का हिसाब हर महीने होता है, लेकिन यह हर वित्त वर्ष के आखिर में खाते में जुड़ता है।

पढ़ाई के लिए बीच में पैसा कैसे निकाल सकते हैं?

जब बेटी 18 साल की हो जाए या 10वीं पास कर ले (जो भी पहले हो), तब उसकी आगे की पढ़ाई के लिए खाते में जमा कुल रकम का 50% तक निकाला जा सकता है। इसके लिए कॉलेज या संस्थान का एडमिशन लेटर या फीस की रसीद देनी होगी। जितनी फीस है, उससे ज्यादा पैसा नहीं निकलेगा। यह पैसा एक साथ या साल में एक बार किस्तों में (लगातार 5 साल तक) निकाला जा सकता है।

खाता कब पूरा होता है और समय से पहले बंद करने के नियम

खाता खुलने के 21 साल बाद यह मैच्योर होता है। अगर 21 साल बाद भी खाता बंद न किया जाए, तो उस पर पोस्ट ऑफिस सेविंग्स अकाउंट जितना ब्याज मिलता रहता है। शुरुआती 5 साल तक खाता बंद नहीं किया जा सकता। इसके बाद सिर्फ दो मामलों में ही समय से पहले खाता बंद हो सकता है:

  • बेटी की शादी होने पर: शादी से 1 महीने पहले या शादी के 3 महीने बाद तक खाता बंद कर सकते हैं। इसके लिए नोटरी से सत्यापित स्टांप पेपर पर घोषणा पत्र और उम्र का सबूत देना होगा कि शादी के दिन बेटी की उम्र कम से कम 18 साल है।
  • खाताधारक की मृत्यु होने पर: दुर्भाग्य से बेटी की मृत्यु होने पर डेथ सर्टिफिकेट जमा कर खाता तुरंत बंद किया जा सकता है और जमा पैसा व ब्याज अभिभावक को मिल जाता है।

टैक्स में क्या फायदा मिलता है?

इस स्कीम में निवेश करने पर इनकम टैक्स की धारा 80C के तहत टैक्स छूट मिलती है। साथ ही, इस पर मिलने वाला ब्याज और 21 साल बाद मिलने वाली पूरी रकम भी पूरी तरह टैक्स-फ्री होती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    OpenBuk Bharat (ओपनबुक भारत) आपका भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है। हम राष्ट्रीय, प्रादेशिक (बिहार), वाणिज्य, और मनोरंजन जगत की हर बड़ी खबर निष्पक्षता और सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।