Headlines

मुजफ्फरपुर को 31 मार्च तक मिलेगा 2000 सीटों वाला ऑडिटोरियम:डीएम ने किया निरीक्षण, काम की रफ्तार पर जताई असंतुष्टि; 3.12 एकड़ में हो रहा तैयार




मुजफ्फरपुर में बड़े सांस्कृतिक, राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बन रहा 2000 सीटों की क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम 31 मार्च 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। जिला मुख्यालय में एमआईटी के पास 3.12 एकड़ जमीन पर इसका निर्माण कराया जा रहा है। बुधवार को डीएम कुमार गौरव ने निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर काम की अद्यतन प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण की रफ्तार अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने असंतोष जताया। कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया। निर्माणाधीन ऑडिटोरियम की तीन तस्वीरें देखिए डीएम बोले- निर्माण कार्य में तेजी लाने की जरूरत निरीक्षण के बाद डीएम ने कहा कि यह ऑडिटोरियम जिले के लिए काफी महत्वपूर्ण परियोजना है। यहां राजनीतिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ जिला स्तरीय समीक्षा बैठक और बड़े पैमाने के अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। फिलहाल निर्माण कार्य की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। इसे 31 मार्च 2027 तक पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए काम में तेजी लाने की जरूरत है। एस्टीमेट रिवीजन के कारण अटका काम, विभाग से होगा पत्राचार डीएम ने बताया कि ऑडिटोरियम का निर्माण अब तक पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन एस्टीमेट में संशोधन की प्रक्रिया के कारण देरी हुई है। इसके लिए रिवाइज्ड एस्टीमेट का प्रस्ताव भेजा गया है। विभागीय स्तर से इसकी स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी करते हुए निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विभाग से भी संवाद किया जाएगा, ताकि काम में अनावश्यक देरी नहीं हो। इस परियोजना का टेंडर करीब 41 करोड़ रुपए की लागत से हुआ था, जबकि इसके लिए 50 करोड़ रुपए का प्रशासनिक अनुमोदन दिया गया था। अब निर्माण कार्य के एस्टीमेट में संशोधन की बात चल रही है। डीएम के अनुसार, संशोधित प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है। विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद आगे का काम उसी के अनुरूप कराया जाएगा। कला और संस्कृति से जुड़े लोगों को मिलेगा अपना मंच डीएम ने कहा कि जिले में लंबे समय से इस तरह के बड़े ऑडिटोरियम की मांग की जा रही थी। इसके तैयार होने से कला और संस्कृति से जुड़े लोगों की आकांक्षा पूरी होगी। स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच मिलेगा। कलाकार और आयोजनकर्ता इस स्थल को बुक कर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि ऑडिटोरियम में 2000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही मंच और आधुनिक ऑटोमेटेड सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे बड़े कार्यक्रमों के आयोजन में सहूलियत होगी। फिलहाल जिले में बड़े स्तर के कार्यक्रमों के लिए उपयुक्त स्थल की कमी महसूस की जाती है। ऑडिटोरियम तैयार होने के बाद सांस्कृतिक, शैक्षणिक, राजनीतिक और प्रशासनिक आयोजनों के लिए एक बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। 3.12 एकड़ में बन रहा स्टेट ऑफ द आर्ट ऑडिटोरियम एमआईटी के नजदीक जिला मुख्यालय में 3.12 एकड़ क्षेत्र में इस स्टेट ऑफ द आर्ट ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जा रहा है। भवन निर्माण विभाग के माध्यम से चल रही इस परियोजना को जिले की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना के रूप में देखा जा रहा है। डीएम ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि गुणवत्ता से समझौता किए बिना काम की गति बढ़ाई जाए, ताकि निर्धारित 31 मार्च 2027 तक ऑडिटोरियम को पूरा कर आम लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *