Headlines

'औरंगाबाद के सूर्य मंदिर आकर अलग एनर्जी मिलती है':ओडिशा के डीजीपी की पत्नी छठ मनाने पहुंचीं देव, बोली- बचपन की यादें ताजा हुईं




लोक आस्था के महापर्व कार्तिक छठ के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध सूर्यनगरी देव में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ऐतिहासिक सूर्य मंदिर और पवित्र सूर्यकुंड तालाब में देश के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। चार दिवसीय छठ महापर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर की आराधना की और छठी मइया से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना की।देव में कई ऐसे श्रद्धालु भी पहुंचे, जिन्होंने वर्षों पहले भगवान सूर्य से अपनी मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना की थी। मन्नत पूरी होने के बाद वे पूरे परिवार के साथ छठ व्रत करने पहुंचे। किसी ने संतान की बीमारी ठीक होने पर तो किसी ने पुत्र प्राप्ति और नौकरी में प्रमोशन की मन्नत पूरी होने पर सूर्यनगरी में माथा टेका। श्रद्धालुओं की जुबानी आस्था और विश्वास की ऐसी कई कहानियां सामने आईं, जो देव की महिमा और छठ पर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाती हैं। बोलीं- देव आकर मिलती है अलग एनर्जी, बचपन की यादें हुईं ताजा ओडिशा के डीजीपी विनोदतोष मिश्र की पत्नी ममता मिश्रा भी छठ महापर्व के अवसर पर देव पहुंचीं। उन्होंने बताया कि देव से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। बचपन में वह अपने परिवार के साथ यहां आई थीं। उनके पिता विद्यानंद झा की पोस्टिंग देव में थी। वे देव से जुड़े रहे और समय-समय पर यहां की चर्चा करते थे। उनकी दादी भी लगातार पांच वर्षों तक देव में छठ व्रत कर चुकी हैं। ऐसे में यहां पहुंचते ही बचपन की पुरानी यादें ताजा हो गईं। ममता मिश्रा ने कहा कि बचपन के मुकाबले आज देव में काफी बदलाव आया है। यहां आकर जो खुशी और आध्यात्मिक अनुभूति हुई है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। भगवान सूर्य साक्षात देवता हैं। छठी मइया की पूजा प्रकृति से जुड़ी हुई है। पूरी दुनिया उगते हुए सूर्य को प्रणाम करती है, लेकिन छठ एक ऐसा पर्व है, जिसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। उन्होंने कहा कि देव में छठ पूजा का आध्यात्मिक ही नहीं, वैज्ञानिक दृष्टिकोण भी है। यहां आकर एक अलग तरह की ऊर्जा मिलती है, जिसका वर्णन शब्दों में संभव नहीं है। अब छठ केवल बिहार या भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विदेशों में भी इसकी प्रसिद्धि बढ़ी है और लोग विदेशों में भी सूर्योपासना कर रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था करने पर जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। मनोकामना पूरी होने पर रांची से परिवार के साथ पहुंचे टेक्निकल कमिश्नर झारखंड की राजधानी रांची से आए टेक्निकल कमिश्नर कुमार बीरेंद्र भी अपने परिवार के साथ देव में छठ व्रत करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह अपनी मनोकामना को लेकर भगवान सूर्य की शरण में आए हैं। भगवान भास्कर और छठी मइया की महिमा अपरंपार है। देश-विदेश से श्रद्धालु यहां सूर्योपासना करने पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि वह पूरे परिवार के साथ देव में छठ व्रत कर रहे हैं। मनोकामना पूरी होने के बाद दोबारा परिवार के साथ देव आकर छठ करेंगे। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोग काफी सहयोगी हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भरपूर सहयोग मिलता है। जिला प्रशासन की ओर से भी बेहतर इंतजाम किए गए हैं। ऐसी व्यवस्था बनी रहनी चाहिए, ताकि श्रद्धालु बार-बार देव आएं और सूर्यनगरी की महिमा देश-दुनिया में और बढ़े। बेटे की बीमारी ठीक होने पर कोलकाता से नौ व्रतियों के साथ पहुंचा परिवार कोलकाता के दमदम से आए सत्येंद्र कुमार सिंह का परिवार भी आस्था की एक अनोखी कहानी लेकर देव पहुंचा। सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी प्रियंका देवी, मां और बहन समेत परिवार के नौ व्रतियों के साथ छठ करने आए हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा सत्यम कुमार सिंह बचपन में अक्सर बीमार रहता था। उसकी बीमारी को लेकर पूरा परिवार परेशान रहता था। काफी इलाज कराने के बाद भी जब परेशानी बनी रही तो उन्होंने भगवान सूर्य से मनोकामना मांगी थी कि बेटे की तबीयत ठीक हो जाए तो वे देव आकर छठ व्रत करेंगे। अब उनका बेटा सत्यम आठ वर्ष का हो चुका है और पूरी तरह स्वस्थ है। इसी मन्नत को पूरा करने के लिए पूरा परिवार देव पहुंचा और विधि-विधान से छठ व्रत कर भगवान सूर्य के प्रति आभार जताया। पुत्र प्राप्ति और नौकरी में प्रमोशन की मन्नत पूरी होने पर पहुंचे बीएसएनएल इंजीनियर पटना जिले के धनरुआ प्रखंड अंतर्गत पंडितगंज निवासी बीएसएनएल इंजीनियर मंजय सिंह अपनी पत्नी सुष्मिता सिंह के साथ देव में छठ व्रत करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्होंने पुत्र प्राप्ति और नौकरी में प्रमोशन की मनोकामना को लेकर भगवान सूर्य से मन्नत मांगी थी। मनोकामना पूरी होने के बाद वे अपनी पत्नी के साथ देव पहुंचे और छठ व्रत कर भगवान भास्कर की आराधना की। इसके अलावा हजारों की संख्या में श्रद्धालु पुत्र प्राप्ति, संतान की सुख-समृद्धि और बच्चों के मुंडन संस्कार की मन्नत पूरी होने पर देव पहुंचे। कई परिवारों ने अपनी मनोकामना पूरी होने के बाद पहली बार तो कई श्रद्धालुओं ने वर्षों से चली आ रही पारिवारिक परंपरा के तहत छठ व्रत किया।देव की धरती पर इन श्रद्धालुओं की कहानियां बताती हैं कि सूर्यनगरी केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, विश्वास और मनोकामनाओं से जुड़ा तीर्थस्थल है। यही वजह है कि हर साल छठ महापर्व के दौरान देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालु भगवान सूर्य की उपासना करने देव पहुंचते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *