![]()
दरभंगा की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत अब बड़े पर्दे पर दिखाई देगी। लेखक एवं आध्यात्मिक चिंतक डॉ. विक्रम मिश्रा ने अपनी बेस्टसेलर पुस्तक ‘महादेव अंश’ पर आधारित हिंदी फिल्म ‘रुद्रयोगी’ बनाने की घोषणा की है। फिल्म संत देवराहा बाबा के जीवन, आध्यात्मिक साधना और उनकी विरासत पर केंद्रित होगी। इसका निर्माण शिव त्रिशूल प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले डॉली मिश्रा करेंगी। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता निर्देशक रवि राज मुर्मू फिल्म का निर्देशन करेंगे। इसे वर्ष 2027 के सावन महीने में सिनेमाघरों में रिलीज करने का लक्ष्य रखा गया है। सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. विक्रम मिश्रा ने फिल्म के नाम और इसकी परिकल्पना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फिल्म के पोस्टर और मोशन पोस्टर का अनावरण तथा मुहूर्त दरभंगा जिले के पिंडारुच पंचायत के गोपालपुर गांव स्थित गंगधारेश्वर महादेव मंदिर में किया जाएगा। इसी मंदिर परिसर में प्रेस वार्ता आयोजित करने की भी योजना है। डॉ. मिश्रा ने अपने परदादा गंगधार मिश्रा की स्मृति में इस मंदिर की स्थापना कराई है। हाल ही में यहां त्रिशूल स्थापना के साथ विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान भी हुए हैं। दरभंगा में होगी अधिकांश शूटिंग, ऐतिहासिक विरासत भी दिखेगी डॉ. मिश्रा ने बताया कि फिल्म की अधिकांश शूटिंग दरभंगा में होगी, जबकि कुछ दृश्यों को उत्तर प्रदेश में फिल्माया जाएगा। कहानी के अनुरूप वर्ष 1947 से पहले के परिवेश को पर्दे पर जीवंत करने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए दरभंगा महाराज का पुराना किला, राजमहल, ऐतिहासिक इमारतों और नदियों सहित जिले की सांस्कृतिक विरासत को फिल्म में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा उनकी जन्मस्थली है। यहां ऐतिहासिक लोकेशन और पुराने समय का परिवेश दिखाने के लिए जरूरी संसाधन मौजूद हैं। इसलिए उन्होंने शूटिंग के लिए दरभंगा को प्राथमिकता दी है। उनका उद्देश्य सिर्फ फिल्म बनाना नहीं, बल्कि दरभंगा की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना भी है। वह चाहते हैं कि फिल्म के जरिए देश-दुनिया के लोग मिथिला की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित हों। ढाई घंटे की होगी फिल्म, स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार डॉ. मिश्रा के मुताबिक, ‘रुद्रयोगी’ करीब ढाई घंटे की फिल्म होगी। इसमें बेहतर गायक और कलाकारों को मौका दिया जाएगा। मुख्य भूमिका सहित दूसरे किरदारों के लिए भी कलाकारों की तलाश जारी है। फिल्म निर्माण में स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और अन्य लोगों को अवसर देने का प्रयास किया जाएगा। इससे दरभंगा में सैकड़ों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित कर रही है और शूटिंग के लिए सब्सिडी की व्यवस्था भी है। इससे पहले नीतू चंद्रा, नितिन चंद्रा और अभिनेता संजय मिश्रा जैसे कलाकार मिथिला और दरभंगा में काम कर चुके हैं। मैथिली फिल्मों ने भी इस क्षेत्र को पहचान दिलाई है। अब हिंदी फिल्म के माध्यम से वह दरभंगा को नई पहचान दिलाना चाहते हैं। उनका कहना है कि वह दरभंगा के बेटे हैं और चाहते हैं कि यहां के लोगों को रोजगार मिले तथा जिले का नाम देश-दुनिया में रोशन हो। देवराहा बाबा की भूमिका के लिए देशभर में कलाकारों की तलाश फिल्म में संत देवराहा बाबा की मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता का चयन अभी नहीं हुआ है। इस किरदार के लिए देशभर में कलाकारों की तलाश की जा रही है। फिल्म जगत में विनीत कुमार सिंह, मोहित रैना, अविनाश तिवारी, शरद केलकर, करण टैकर और राजीव खंडेलवाल जैसे कलाकारों से संपर्क किए जाने की चर्चा है। अंशुमान पुष्कर का नाम भी संभावित कलाकारों में बताया जा रहा है। हालांकि, निर्माताओं ने अब तक किसी भी अभिनेता के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। डॉ. मिश्रा के अनुसार, देवराहा बाबा के गंभीर और आध्यात्मिक व्यक्तित्व के अनुरूप कलाकार का चयन किया जाएगा। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता रवि राज मुर्मू करेंगे निर्देशन ‘रुद्रयोगी’ का निर्देशन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता रवि राज मुर्मू करेंगे। झारखंड के रहने वाले मुर्मू ने पुणे स्थित भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) से फिल्म संपादन का प्रशिक्षण लिया है। उनकी संथाली लघु फिल्म ‘अंगेन’ (इनविजिबल) को वर्ष 2026 में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में गैर-फीचर श्रेणी के तहत निर्देशक की सर्वश्रेष्ठ पहली फिल्म का सम्मान मिला है। अब वह इस फिल्म के जरिए संत देवराहा बाबा के आध्यात्मिक जीवन को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेंगे। मुंबई में चेतन भगत ने किया था ‘महादेव अंश’ का विमोचन डॉ. विक्रम मिश्रा की पुस्तक ‘महादेव अंश’ का विमोचन प्रसिद्ध लेखक चेतन भगत ने मुंबई के ताज होटल में किया था। डॉ. मिश्रा ‘ट्रेन योर ब्रेन टू विन’ पुस्तक के भी लेखक हैं। आध्यात्मिक लेखन के अलावा वह मानव सेवा के कार्यों से भी जुड़े हैं। रक्तदान को बढ़ावा देने और चिकित्सा आपात स्थितियों में जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। भगवान शिव के भक्त डॉ. मिश्रा हर साल केदारनाथ की यात्रा करते हैं। वर्ष 2026 में पटना के ताज होटल में अभिनेत्री सारा अली खान की मौजूदगी में आयोजित समारोह में उन्हें ‘बीआईबी प्राइड ऑफ भारत अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया था। मिथिला की आध्यात्मिक विरासत से जुड़ी है फिल्म की परिकल्पना डॉ. मिश्रा ने कहा कि मिथिला की धरती का भगवान शिव से विशेष संबंध रहा है। लोकमान्यता है कि भगवान शिव ने उगना के रूप में महाकवि विद्यापति की सेवा की थी। माता सीता की जन्मभूमि से जुड़ी इस धरती पर फिल्म की शुरुआत करना उनके लिए अपनी जड़ों और आध्यात्मिक आस्था से जुड़ने जैसा है। उन्होंने बताया कि गंगधारेश्वर महादेव मंदिर में स्थापित त्रिशूल और उनकी कंपनी के नाम शिव त्रिशूल प्रोडक्शन के बीच भी आध्यात्मिक जुड़ाव है। मंदिर बनने के बाद उनके जीवन में कई सफलताएं आई हैं। इसलिए वह अपनी नई यात्रा की शुरुआत इसी स्थान से करना चाहते हैं। फिल्म बनाने के पीछे संत देवराहा बाबा के जीवन और उनके प्रति भक्तों की गहरी आस्था को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का उद्देश्य है। निर्माताओं का मानना है कि भक्ति और अध्यात्म पर आधारित फिल्मों में दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ रही है। ‘हनुमान अंश’ और ‘महावतार नरसिम्हा’ जैसी फिल्मों की सफलता ने भी इस तरह की कहानियों के लिए संभावनाएं बढ़ाई हैं। डॉली मिश्रा फिल्म की निर्माता हैं। वह रियल एस्टेट, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और कृषि क्षेत्र से जुड़ी उद्यमी हैं। उनके प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनने वाली ‘रुद्रयोगी’ से उम्मीद जताई जा रही है कि यह आध्यात्मिक विषय के साथ दरभंगा की ऐतिहासिक विरासत, पर्यटन और स्थानीय प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगी।
Source link
दरभंगा में बनेगी देवराहा बाबा के जीवन पर फिल्म ‘रुद्रयोगी’:2027 में होगी रिलीज, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता रवि राज मुर्मू करेंगे डाइरेक्शन
