![]()
मधुबनी जिले में शनिवार, 14 नवंबर 2026 की सुबह सकरी थाना पुलिस ने बस से 524 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ जब्त किया। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बस सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर जा रही थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने शनिवार देर शाम बताया कि सुबह करीब 3:40 बजे गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी। बताया गया था कि बस में सवार एक व्यक्ति अपने बैग में मादक पदार्थ ले जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद पुलिस टीम ने सकरी में एनएच-27 के मस्जिद कट के पास वाहनों की जांच शुरू की। सिलीगुड़ी की ओर से आ रही बस को रोककर तलाशी ली गई।
पुलिस को देखकर बस से उतरने की कोशिश कर रहे व्यक्ति को सशस्त्र बल की मदद से पकड़ा गया। उसकी पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र के सुजापुर कामतपारा निवासी इयर मोहम्मद, पिता शेबू शेख के रूप में हुई।
तलाशी में उसके बैग से पांच छोटे पैकेट मिले। इनमें कुल 524 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ था। पुलिस ने पदार्थ और बैग जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सकरी थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस तस्करी से जुड़े आगे और पीछे के संपर्कों की जांच कर रही है और नेटवर्क के अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।
Source link
सकरी में बस से 524 ग्राम मादक पदार्थ बरामद:एक तस्कर गिरफ्तार; पांच पैकटों में ब्राउन शुगर होने की संभावना
