Headlines

माहेश्वरी गांव में बंदरों का आतंक, दो महिलाओं को काटा:6 से अधिक लोगों को किया घायल, दोनों का सदर अस्पताल में हुआ इलाज




जमुई जिले के सोनो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत माहेश्वरी गांव में इन दिनों एक बंदर के आतंक से ग्रामीण दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं। बंदर अब तक गांव के करीब आधा दर्जन लोगों पर हमला कर उन्हें जख्मी कर चुका है। मंगलवार को भी बंदर ने दो महिलाओं पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों महिलाओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉ. मनीष कुमार की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। घायलों की पहचान सिकंदर साह की पत्नी श्रुति कुमारी और नंदकिशोर सिंह की 65 वर्षीय पत्नी रेखा देवी के रूप में हुई है। सिकंदर साह ने बताया कि उनकी पत्नी श्रुति कुमारी घर की छत पर गई थीं। इसी दौरान अचानक बंदर ने उन पर हमला कर दिया और हाथ तथा कमर में काटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। वहीं, रेखा देवी घर से बाहर निकली थीं, तभी बंदर ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने बताया कि बंदर इससे पहले भी कई लोगों को अपना निशाना बना चुका है। इनमें दीपक शर्मा की पत्नी और स्वर्गीय राजेश सिंह के पुत्र सहित अन्य लोग शामिल हैं। ग्रामीणों के अनुसार बंदर गांव में ही कहीं छिपा रहता है और किसी व्यक्ति को अकेला देखकर अचानक हमला कर देता है। इस कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। खासकर महिलाएं और बच्चे घर से बाहर निकलने में डर रहे हैं। घटना की सूचना वन विभाग की टीम को दे दी गई है। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द बंदर को पकड़कर उसके आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की है। वहीं, वन विभाग की टीम ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही बंदर का रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ा जाएगा, ताकि ग्रामीणों को उसके आतंक से निजात मिल सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *