![]()
छठ पर्व से पहले कैमूर के मोहनिया स्थित बरेज गांव की एक गुड़ फैक्ट्री में प्रशासन ने छापेमारी की। टीम ने फैक्ट्री से 45-45 किलो की करीब 250 बोरी गुड़ जब्त की। जांच में साफ-सफाई और लाइसेंस से जुड़ी कमियां मिलीं। एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी और फूड सेफ्टी ऑफिसर की टीम ने फैक्ट्री में जांच की। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि फैक्ट्री में मानकों के मुताबिक गुड़ नहीं बनाया जा रहा है। जांच में पिछली बार की तुलना में कुछ सफाई दिखी, लेकिन खाद्य सुरक्षा मानकों के हिसाब से कई कमियां मिलीं। कागजात की जांच में पता चला कि संचालक के पास गुड़ बनाने का वैध लाइसेंस नहीं था। वह मिठाई बनाने के लाइसेंस पर गुड़ तैयार कर रहा था। यह लाइसेंस भी एक्सपायर हो चुका है। पीले गुड़ और तैयार गुड़ के सैंपल लिए टीम ने पीले गुड़ और फैक्ट्री में तैयार कर बाजार में बेचे जाने वाले गुड़ के सैंपल लिए हैं। फूड सेफ्टी ऑफिसर के मुताबिक, फैक्ट्री में गंदे माहौल में गुड़ बनाया और रखा जा रहा था। जब्त गुड़ को सील कर फैक्ट्री परिसर में सुरक्षित रखा गया है। सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। फूड इंस्पेक्टर ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों और डीएम के निर्देश पर त्योहारों को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। सैंपल फेल होने पर नष्ट होगा पूरा स्टॉक जांच रिपोर्ट में सैंपल फेल होने पर पूरा स्टॉक नष्ट किया जाएगा। संचालक पर जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। सैंपल पास होने पर ही एफएसएसएआई के निर्देशों के तहत गुड़ बेचने की अनुमति दी जाएगी।
Source link
मोहनिया की गुड़ फैक्ट्री से 250 बोरी गुड़ जब्त:बिना लाइसेंस के हो रहा था उत्पादन, गंदगी के बीच तैयार किया जा रहा था गुड़
