![]()
समस्तीपुर-रोसड़ा मुख्य सड़क पर सोमवार देर रात सड़क हादसे में समस्तीपुर नगर निगम के पूर्व मेयर और जन सुराज के नेता तारकेश्वर नाथ गुप्ता (55) की मौत हो गई। वे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के केवश निजामत गांव में आयोजित काली पूजा में शामिल होकर बाइक से समस्तीपुर लौट रहे थे। इसी दौरान लखी चौक मोड़ के पास समस्तीपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद इलाज के लिए उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे को अंजाम देकर पिकअप लेकर ड्राइवर फरार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे को अंजाम देने वाली पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी। पूर्व मेयर की बाइक को टक्कर मारने के बाद कई अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मारी। हादसे में कई अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि हादसे के ड्राइवर पिकअप लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल तारकेश्वर नाथ गुप्ता को पहले सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। वहां से उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्य रात्रि में ही शव का पोस्टमार्टम कराया। विधानसभा चुनाव के दौरान RJD छोड़ जन सुराज में शामिल हुए थे तारकेश्वर नाथ गुप्ता समस्तीपुर नगर परिषद के पिछले कार्यकाल में सभापति बने थे। समस्तीपुर को नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद उन्होंने प्रभारी सभापति के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी। विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) छोड़कर जन सुराज का दामन थाम लिया था। इसके बाद वह पार्टी की गतिविधियों में काफी सक्रिय हो गए थे। समस्तीपुर विधानसभा सीट से जन सुराज के टिकट के प्रबल दावेदार भी माने जा रहे थे, लेकिन अंतिम समय में उन्हें टिकट नहीं मिल सका। उनकी मौत की खबर फैलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस बोली- प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में नगर निगम के पूर्व सभापति की मौत हुई है। उन्हें एक अनियंत्रित पिकअप ने टक्कर मारी थी। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
Source link
समस्तीपुर नगर निगम के पूर्व मेयर की हादसे में मौत:काली पूजा में शामिल होकर बाइक से लौट रहे थे, तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर
