![]()
समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर में सोमवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद मायका पक्ष ने दामाद, उसके भाई और भाभी पर विवाहिता को जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, घटना के बाद से आरोपी पति और उसके परिवार के अन्य सदस्य फरार हैं। मृतका के परिजन का कहना है कि तीन महीने पहले दामाद ने दूसरी महिला से शादी की थी। दिवाली के मौके पर वो अपने भाई और भाभी के साथ जयनगर से घर आया था। घटना कुरसाहा वार्ड नंबर तीन की है। घटना की जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जांच पड़ताल में जुट गई है। मृतका की पहचान 26 साल की रिंकी कुमारी के रूप में हुई है। रिंकी का मायका विभूतिपुर के टभका पछियारी टोल में है। 9 साल पहले हुई थी शादी, चार बच्चों की मां थी रिंकी देवी मृतका के परिजन ने बताया कि रिंकी की करीब 9 साल पहले मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के कुरसाहा वार्ड संख्या-3 निवासी 30 साल के आनंद कुमार पोद्दार के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों को चार बच्चे हुए। इनमें आठ वर्षीय आरुषि कुमारी, पांच वर्षीय कृषिका कुमारी, साढ़े तीन वर्षीय आर्यन कुमार और डेढ़ वर्षीय रोशन कुमार शामिल हैं। मृतका के मायका पक्ष वालों ने बताया कि तीन महीने पहले आनंद कुमार ने दूसरी शादी की थी। दरअसल, आनंद कुमार काम के सिलसिले में कुछ साल से जयनगर में रहता था। उसकी पत्नी और बच्चे समस्तीपुर में ही रहते थे। आरोप है कि काम के दौरान आनंद ने अनीता नाम की एक महिला के करीब आ गया और तीन महीने पहले उसने अनीता नाम की महिला से शादी कर ली। दूसरी पत्नी संग वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था आनंद पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल में पहुंचे चचेरा भाई अमरेश कुमार ने बताया कि रिंकी का पति अक्सर दूसरी पत्नी के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता रहता था। इस बात को लेकर रिंकी से उसका झगड़ा होता था। अमरेश कुमार ने बताया कि दीपावली के मौके पर आनंद कुमार अपने भाई और भाभी के साथ घर पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान उसने अपनी पहली पत्नी रिंकी कुमारी को जहर दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सोमवार सुबह घर में मौजूद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां महिला को मृत अवस्था में देखकर ग्रामीणों ने मायका पक्ष को जानकारी दी। सूचना मिलते ही मृतका के मायके से परिजन कुरसाहा पहुंचे। वहीं, पति और ससुराल के अन्य सदस्यों के घर पर नहीं रहने से परिजनों का शक और गहरा गया। इसके बाद मायके वालों ने घटना की सूचना मोहिउद्दीन नगर थाना पुलिस को दी। चारपाई पर पड़ा था शव, आसपास खड़े थे चारों बच्चे मृतका के चचेरे भाई अमरेश कुमार ने बताया कि कुरसाहा गांव के लोगों से घटना की जानकारी मिलने के बाद हम लोग अपनी चचेरी बहन के ससुराल पहुंचे। वहां देखा कि रिंकी का शव चौकी पर पड़ा हुआ था और उसके चारों बच्चे मां के पास बैठकर रो रहे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज घटना की सूचना पर मोहिउद्दीन नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा तैयार किया और उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस की ओर से मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस संबंध में मोहिउद्दीन नगर थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि कुरसाहा गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। मृतका के परिजनों की ओर से आवेदन दिए जाने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर पीडी शर्मा ने बताया कि लैब से जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद दाह संस्कार के लिए परिजनों को शव सौंप दिया गया है। मृतका का दाह संस्कार उनके मायके विभूतिपुर थाना इलाके के पछियारी टोल टभका में होगा।
Source link
समस्तीपुर में जहर देकर विवाहिता की हत्या का आरोप:मायका पक्ष बोला- दामाद ने तीन महीने पहले दूसरी शादी की थी, भाई-भाभी संग मिलकर मार डाला
