Headlines

अनंत की बेटी शादी के बाद अमेरिका शिफ्ट होंगी:ससुराल में 4 मंजिला घर बना; ससुर बोले- MLA की तरफ से आया था रिश्ता




मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की 25 नंवबर को शादी है। इसकी भव्य तैयारी की जा रही है। शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से हो रही है। ऋषिकेश पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी कमांडेंट रणविजय कुमार के बेटे हैं। अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए किया है और करीब 11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं। घर की पहली बहू के स्वागत में उनके ससुर कमांडेंट रणविजय सिंह ने 2 कट्‌ठे में नया घर बनवाया है। जहां शादी तैयारी जोर शोर से चल रही है। ‘लड़की पक्ष की ओर से आया था रिश्ता’ ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह भास्कर से बातचीत में कहा कि अनंत सिंह से रिश्ता जुड़ना हमारे और परिवार के लिए गर्व की बात है। बेटे के लिए रिश्ता लड़की पक्ष की तरफ से आया था और परिवार के लोगों ने ही पसंद किया था। इसके बाद यह रिश्ता पक्का हुआ। ‘शादी से पहले नए मकान में गृह प्रवेश होगा’ रणविजय कुमार ने आगे कहा कि तिलक पटना के एक रिजॉर्ट में होगा। शादी के बाद शिवांगी घर पर रहेंगी, फिर उसके बाद बेटे और बहू अमेरिका चले जाएंगे। हम लोग शुरू से ही अहमदाबाद में रहे हैं। बेटे ने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई अहमदाबाद से किया है। अमेरिका से ग्रेजुएशन और एमबीए किया है। शादी से पहले नए मकान में गृह प्रवेश भी होगा। दूल्हे का जनेऊ संस्कार भी इसी मकान में होगा। बारात बिहटा से मोकामा विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव नादवां जाएगी। 10 बीघा में बनाया जा रहा है पंडाल 25 नवंबर को अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में होने वाली इस शादी को भव्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। करीब 10 बीघा जमीन पर मंडप और पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। शादी में बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के करीब तीन दर्जन कलाकारों को बुलाया गया है। दुबई से 6 मॉडल भी पहुंचेंगी। मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा तरह के पकवान और करीब 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था करने की तैयारी है। दामाद को देंगे लैंड रोवर डिफेंडर, जानिए कितनी है कीमत शादी में सबसे खास चर्चा अनंत सिंह की ओर से दामाद ऋषिकेश को दिए जाने वाले गिफ्ट की है। वह उन्हें लैंड रोवर डिफेंडर देने वाले हैं। डिफेंडर देश की महंगी और लग्जरी एसयूवी में गिनी जाती है। इसके टॉप वेरिएंट की कीमत करीब 3 करोड़ रुपए तक पहुंचती है। हालांकि, गाड़ी का सटीक वेरिएंट और उसकी अंतिम कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। डिफेंडर अपनी दमदार ऑफ-रोड क्षमता, मजबूत बॉडी, प्रीमियम इंटीरियर और आधुनिक तकनीक के लिए जानी जाती है। इसमें एडवांस ड्राइविंग असिस्टेंस, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑल-व्हील ड्राइव और कई लग्जरी सुविधाएं मिलती हैं। इस गिफ्ट के जरिए अनंत सिंह अपने दामाद को खास तोहफा देने जा रहे हैं। जयपुर थीम पर 30 फीट ऊंचा जयमाला स्टेज, चीन से आएंगे फूल शादी में सजावट भी खास अंदाज में की जा रही है। जयमाला के लिए करीब 30 फीट ऊंचा स्टेज बनाया जा रहा है। इसकी थीम जयपुर के पत्रकार चौराहे की तर्ज पर रखी गई है। स्टेज को भव्य रूप देने के लिए चीन और बेंगलुरु से फूल मंगाए जा रहे हैं। सजावट की जिम्मेदारी विशेष इवेंट कंपनी को दी गई है। इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों से सजावटी सामान मंगाए जा रहे हैं। करीब 10 बीघा जमीन पर विवाह समारोह के लिए पंडाल तैयार किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मऊ से टेंट लगाने वाले कारीगर बुलाए गए हैं। पवन सिंह, अक्षरा सिंह और आयशा खान समेत 36 कलाकारों को न्योता शादी में बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों का जमावड़ा लगाने की तैयारी है। अनंत सिंह के मुताबिक, करीब तीन दर्जन कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। 12 बीघा में घुड़दौड़ का मैदान, विजेता को मिलेगी थार शादी में घुड़दौड़ भी बड़ा आकर्षण होगी। इसके लिए करीब 12 बीघा जमीन पर विशेष मैदान तैयार किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और हरियाणा समेत कई राज्यों से घुड़सवारों के पहुंचने की तैयारी है। घुड़दौड़ में पहले स्थान पर आने वाले को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर आने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटी देने की घोषणा की गई है। प्रतियोगिता 25 नवंबर को दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक प्रस्तावित है। PM मोदी से लेकर नीतीश और लालू तक को निमंत्रण अनंत सिंह ने बेटी की शादी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव समेत पक्ष-विपक्ष के तमाम नेताओं को बुलाने की इच्छा जताई है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को वो निमंत्रण दे चुके हैं। उन्होंने कहा है कि शादी में राजनीति का कोई भेदभाव नहीं होगा। हिंदुस्तान-पाकिस्तान समेत दुनिया के किसी भी हिस्से से आने वाले मेहमानों का स्वागत है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *