![]()
मुजफ्फरपुर शहर के मोतीझील स्थित कपड़े के एक शोरूम में रविवार सुबह आग लग गई। दुकान खोलने पहुंचे कर्मचारियों ने अंदर धुआं भरा देखा तो अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही करीब 10 मिनट के अंदर दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई। दो छोटी और एक बड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की मदद से करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, आग बुझाने और पूरी तरह ठंडा करने में करीब एक घंटे का समय लगा। हादसे में शोरूम का सिविल वर्क, बिजली की वायरिंग, प्लाई, शीशे और लाइटें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कुछ कपड़े भी जल गए। गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और आसपास की दुकानें सुरक्षित रहीं। दुकानदार रूपेश नंदन सिंह ने बताया कि दीपावली को लेकर रात करीब 11 बजे दुकान बंद की गई थी। उस समय दुकान की साफ-सफाई कर उसे त्योहार के लिए तैयार किया गया था। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे पूजा के लिए दुकान खोली गई तो अंदर धुआं भरा हुआ था। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना दी गई। शुरुआती जांच में CCTV कैमरे के पास शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। उनका कहना है कि रात में CCTV कैमरा चालू रहता था। आग से दुकान का अंदरूनी ढांचा पूरी तरह बर्बाद हो गया है। कपड़ों के स्टॉक को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल वास्तविक क्षति का आकलन दुकान में दोबारा काम शुरू कराने के बाद ही हो सकेगा। घने बाजार में टला बड़ा हादसा नगर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से खालसा क्लॉथ हाउस के सामने स्थित स्टोर में धुआं उठने और आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल दमकल को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। दुकान बंद थी, इसलिए आग लगने के समय अंदर कोई मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। घटना में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई और आसपास की दुकानें भी सुरक्षित हैं। यातायात व्यवस्था रखी गई सुचारु घटना की सूचना पर नगर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मोतीझील जैसे घने और भीड़भाड़ वाले बाजार में आग फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस और दमकल की टीम ने तत्काल कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा, ताकि दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने और आग बुझाने में परेशानी नहीं हो। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास की दुकानों तक आग फैलने का खतरा टल गया।
Source link
मुजफ्फरपुर- मोतीझील में कपड़े के शोरूम में लगी आग:सिविल वर्क, वायरिंग जलकर बर्बाद; 10 मिनट में पहुंची दमकल की गाड़ियां, शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका
