अररिया में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची का प्रारूप 12 नवंबर को जारी होगा। नाम जोड़ने, हटाने और सुधार के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक आवेदन और आपत्तियां ली जाएंगी।
.
अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को जारी होगी। शनिवार को वरीय प्रभारी निर्वाचन-सह-अपर समाहर्ता अजय कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
बैठक में जिले के मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव और प्रतिनिधि शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची जारी होने के बाद निर्धारित अवधि में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार के लिए आवेदन किए जा सकेंगे।
नाम जोड़ने और सुधार के लिए अलग-अलग फॉर्म
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। किसी नाम को हटाने या आपत्ति दर्ज करने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जाएगा। पता बदलने, नाम-पते में सुधार, वोटर आईडी बदलने और दिव्यांग मतदाता के रूप में पहचान दर्ज कराने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
नवंबर और दिसंबर में विशेष अभियान
मतदाताओं की सुविधा के लिए दो चरणों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। पहला अभियान 21 और 22 नवंबर को, जबकि दूसरा 5 और 6 दिसंबर 2026 को होगा। इन दिनों सभी मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) जरूरी फॉर्म के साथ मौजूद रहेंगे। मतदाता उनसे आवेदन जमा कर सकेंगे।

हर मतदान केंद्र पर बीएलए नियुक्त करने की अपील
प्रशासन ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ स्तरीय अभिकर्ता (बीएलए) नियुक्त करने और उनकी सूची समय पर उपलब्ध कराने को कहा है। निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार, एक बीएलए प्रतिदिन अधिकतम 10 आवेदन जमा कर सकेगा।
30 से अधिक आवेदन पर होगी दोबारा जांच
दावा-आपत्ति की अवधि में 30 से अधिक आवेदन जमा होने पर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी या सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी दोबारा जांच करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है।
पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ना प्राथमिकता
अजय कुमार ठाकुर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. राम बाबू कुमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मासूम रेजा, भाजपा के नीरज झा, राजद के कमाले हक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
