![]()
पूर्णिया में विशेष अपराध इकाई और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अरुणाचल प्रदेश की एक नाबालिग को जबरन देहव्यापार से मुक्त कराया है। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से चार को मरंगा थाना क्षेत्र के हरदा रेड लाइट एरिया से और दो को मुफस्सिल थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को मुफस्सिल थाना क्षेत्र से सुरक्षित बरामद किया गया। हरदा रेड लाइट एरिया में पहले हुई छापेमारी विशेष अपराध इकाई की डीएसपी शिवानी श्रेष्ठा ने बताया कि 6 नवंबर को उनके कार्यालय को सूचना मिली थी कि मरंगा थाना क्षेत्र के हरदा रेड लाइट एरिया में अरुणाचल प्रदेश की एक नाबालिग को लाकर जबरन देहव्यापार कराया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पूर्णिया एसएसपी को जानकारी दी गई। इसके बाद विशेष अपराध इकाई, महिला थाना, मानव व्यापार निरोध इकाई और मरंगा थाना की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने हरदा रेड लाइट एरिया में छापेमारी की, जहां तीन पुरुष और एक महिला आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से इस्तेमाल किए गए और नए कंडोम के पैकेट भी बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि नाबालिग को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक दूसरे स्थान पर भेज दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी की। बाइक से भाग रहे महिला-पुरुष गिरफ्तार, नाबालिग बरामद पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर मुफस्सिल थाना पुलिस के सहयोग से चिन्हित जगह पर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग भागने लगे। इसी दौरान बाइक से भागने की कोशिश कर रहे एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से भाग रही नाबालिग को भी सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्ची के नाम-पते और उपलब्ध फोटो का मिलान किया। इससे उसकी पहचान अरुणाचल प्रदेश की उसी नाबालिग के रूप में हुई, जिसकी तलाश की जा रही थी। मोबाइल नहीं मिलने पर घर से भागी थी बच्ची पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि मोबाइल फोन नहीं दिलाने पर वह अपनी मां से नाराज होकर घर से भाग गई थी। इसके बाद वह सिलीगुड़ी रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां एक महिला ने उसे ब्यूटी पार्लर में काम दिलाने का झांसा दिया और अपने साथ ले आई। आरोप है कि महिला उसे पूर्णिया लेकर आई और आफताब खान उर्फ अंकित तिवारी को बेच दिया। इसके बाद उसे बंधक बनाकर जबरन देहव्यापार कराया जा रहा था। एफएसएल टीम जुटाएगी साक्ष्य, फरार आरोपियों की तलाश डीएसपी शिवानी श्रेष्ठा ने बताया कि मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वैज्ञानिक जांच और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को सूचना दी गई है। गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
पूर्णिया में अरुणाचल की नाबालिग को देह व्यापार से बचाया:2 महिलाओं समेत 6 गिरफ्तार, ब्यूटी पार्लर में काम दिलाने का झांसा देकर पूर्णिया लाया था
